राजधानी में अफसरों की सुरक्षा पर सवाल: ADG को धमकी के बाद मचा हड़कंप

भोपाल में एडीजी राजाबाबू सिंह के घर के बाहर अज्ञात युवकों ने हंगामा और गाली-गलौज की, जिसके बाद उन्होंने खुद की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी है।

राजधानी में अफसरों की सुरक्षा पर सवाल: ADG को धमकी के बाद मचा हड़कंप

भोपाल:मध्यप्रदेश पुलिस के एडीजी (ट्रेनिंग) राजाबाबू सिंह के साथ अभद्रता और धमकी का मामला सामने आया है। राजधानी भोपाल के त्रिलंगा स्थित उनके निवास के बाहर कुछ अज्ञात युवकों ने गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया। इस घटना के बाद एडीजी ने खुद की जान को खतरा बताया है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

घर के बाहर हंगामा, हाथ में था डंडा

जानकारी के मुताबिक, कार से आए कुछ अज्ञात युवक एडीजी के घर के बाहर पहुंचे और वहां तैनात कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। इनमें से एक युवक के हाथ में डंडा भी था, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें युवकों का आक्रामक रवैया साफ नजर आ रहा है।

पुलिस को सौंपे CCTV फुटेज

घटना के तुरंत बाद एडीजी राजाबाबू सिंह ने शाहपुरा थाने को सूचना दी और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात युवकों की पहचान और उनके इरादों की जांच में जुटी हुई है।साथ ही एडीजी ने पुलिस कमिश्नर और डीजीपी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

धार्मिक प्रयोगों के बाद बढ़ा विवाद

आपको बता दे कि एडीजी राजाबाबू सिंह हाल ही में पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों में किए गए अपने फैसलों को लेकर चर्चा में थे। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान रामचरितमानस का पाठ शुरू कराने के निर्देश दिए थे।इसके अलावा उन्होंने मदरसा छात्रों को कुरान के साथ गीता पढ़ने की सलाह दी थी और सभी ट्रेनिंग सेंटरों में सुबह की शुरुआत ‘दक्षिणामूर्ति स्तोत्र’ से करने का निर्देश भी दिया था।इन धार्मिक और वैचारिक प्रयोगों को लेकर पहले से ही प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में बहस जारी थी। अब उनके घर के बाहर हुई इस घटना ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

जांच जारी, कई सवाल बाकी

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। युवक कौन थे, किस मकसद से आए थे और क्या इस घटना का संबंध हालिया फैसलों से है।इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।