इंदौर में महिला की बेल्ट से पिटाई, VIDEO वायरल
इंदौर के विजयनगर में बीच सड़क महिला की बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर के विजयनगर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें बीच सड़क पर एक व्यक्ति महिला की बेल्ट से सरेआम पिटाई कर रहा है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर सरेआम मारपीट का यह घटनाक्रम इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति महिला के साथ बेल्ट से बुरी तरह मारपीट कर रहा है और गुस्से में उसका मोबाइल फोन भी छीनकर जमीन पर फेंक देता है। मौके पर एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई दे रहा है, जिसके पुलिसकर्मी होने की बात कही जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि, घटना को लेकर अब तक थाने में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं पहुंची है।

इस मुद्दे पर विजयनगर क्षेत्र के एसीपी पराग सैनी ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो को बेहद गंभीरता से लिया है। बिना किसी शिकायत के भी पुलिस द्वारा वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। एसीपी ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

