मऊगंज में प्रजापति-कुंभकार समाज का शक्ति प्रदर्शन: हजारों की संख्या में जुटे लोग; 70 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

मऊगंज बाईपास स्थित बजरंग ढाबा गार्डन में अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासंघ जिला इकाई मऊगंज के तत्वावधान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया।

मऊगंज में प्रजापति-कुंभकार समाज का शक्ति प्रदर्शन: हजारों की संख्या में जुटे लोग; 70 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

राजेंद्र पयासी@मऊगंज

मऊगंज जिले में प्रजापति-कुंभकार समाज ने अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया। मऊगंज बाईपास स्थित बजरंग ढाबा गार्डन में अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासंघ जिला इकाई मऊगंज के तत्वावधान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में समाज के लोग, महिलाएं और युवा शामिल हुए। इस दौरान समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया।

70 मेधावी छात्र-छात्राओं और युवाओं का सम्मान

समारोह में शिक्षा, खेल, समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के 70 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और युवाओं को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शैल चाक (इलेक्ट्रिक चाक) योजना रही। परंपरागत कुम्हार कला को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से मौके पर ही 700 कुम्हार हितग्राहियों का पंजीयन किया गया।

समाज ने जताया सीएम का आभार

कार्यक्रम में समाज की एक बड़ी उपलब्धि का भी जश्न मनाया गया। मऊगंज जिला गठन के बाद पोर्टल पर कुम्हार-प्रजापति समाज का नाम छूट जाने के कारण अनुसूचित जाति सूची के क्रमांक 35 के तहत पिछले तीन वर्षों से जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे थे। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के प्रयासों से पोर्टल पर समाज का नाम दोबारा जोड़े जाने के बाद प्रमाण पत्र बनने का रास्ता साफ हुआ।

इस उपलब्धि पर समाज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। महासंघ की ओर से मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के माध्यम से मुख्यमंत्री को धन्यवाद प्रस्ताव भी भेजा गया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए।

गिरीश गौतम ने की शिक्षा पर जोर देने की अपील

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने अपने संबोधन में कहा, "हम तो प्रजा हैं, लेकिन आप सब प्रजापति हैं। सृष्टि के रचयिता को भी प्रजापति कहा जाता है। आप मिट्टी को छूते हैं तो वह सोना बन जाती है।"

उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ज्ञान ही वह दीपक है, जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। जिस तरह कुम्हार चाक पर मिट्टी को आकार देता है, उसी तरह शिक्षक शिष्य के जीवन को गढ़ता है। किताबों से बड़ा कोई हथियार नहीं है।

समाज ने रखीं सात सूत्रीय मांगें

महासंघ के जिलाध्यक्ष राममिलन प्रजापति ने कार्यक्रम में समाज की सात सूत्रीय मांगों का वाचन कर मुख्य अतिथि को मांग पत्र सौंपा। इसमें समाज के लिए धर्मशाला निर्माण, पुश्तैनी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक गांव में मिट्टी हेतु स्थान आरक्षित करने, ईंट और घड़ा निर्माण के लिए मिट्टी उपलब्ध कराने, बर्तनों की बिक्री के लिए मंडी निर्माण, प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान पर मुआवजा और छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग शामिल है।

ये रहे कार्यक्रम में मौजूद अतिथि

कार्यक्रम की अध्यक्षता विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. पंचू लाल प्रजापति ने की। विशिष्ट अतिथियों में सामाजिक न्याय विंग के चेयरमैन बी.पी. प्रजापति, डॉ. आर.बी. प्रजापति रीवा, संरक्षक महावीर प्रसाद प्रजापति, भीमसेन प्रजापति और जिलाध्यक्ष राममिलन प्रजापति शामिल रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद अतिथियों का साल-श्रीफल से सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में महासचिव उमेश कुमार प्रजापति ने सभी अतिथियों और उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।