राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में FIR दर्ज, टिन्नू यादव समेत 8 लोगों के नाम शामिल
अयोध्या राम मंदिर दान घोटाले में SIT जांच के बाद बढ़ी कार्रवाई, 8 लोगों पर FIR दर्ज लेकिन इसमें महासचिव चंपत राय सहित बड़े चेहरों के नाम नहीं है
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में FIR हो गई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। यह FIR ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की ओर से दर्ज कराई गई है। लेकिन, इस लिस्ट में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित बड़े चेहरों के नाम नहीं है।
मामले में जिन लोगों के नाम FIR में शामिल किए गए हैं, उनमें रमाशंकर यादव (टिन्नू), अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष और करुणेश शामिल हैं। आरोप है कि मंदिर परिसर में चढ़ावे और दान से जुड़ी व्यवस्थाओं में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाया।
23 जून को SIT ने रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी
सूत्रों के अनुसार, इस मामले की जांच के लिए 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था, जिसने 23 जून को अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी। इसी रिपोर्ट के आधार पर FIR दर्ज की गई है। जांच के दौरान कुछ दानपात्रों की चाबियां कथित रूप से एक आरोपी के पास मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
SIT ने जांच में कई कर्मचारियों और सेवादारों को भी चिह्नित किया था, जिनकी आर्थिक स्थिति में 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बदलाव देखने को मिला। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि FIR में ट्रस्ट के किसी वरिष्ठ सदस्य का नाम शामिल है या नहीं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। ट्रस्ट और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर तय की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
