AAP सांसद संजय सिंह ने उठाए केंद्र की विदेश नीति पर सवाल, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी मामले पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह का भाजपा और ट्रस्ट प्रबंधन पर निशाना, निष्पक्ष जांच की मांग की
इंदौर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद Sanjay Singh ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की विदेश नीति और अमेरिका के साथ संबंधों को लेकर सवाल उठाए हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि विदेश दौरों के दौरान सरकार देशहित से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट जानकारी नहीं देती और हालिया अंतरराष्ट्रीय घटनाओं पर भारत का रुख पर्याप्त रूप से सामने नहीं आया है।
इंदौर दौरे पर पहुंचे मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि विदेश यात्राओं के दौरान प्रधानमंत्री को देश के हितों और उपलब्धियों की जानकारी जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि हाल की कुछ अंतरराष्ट्रीय घटनाओं में भारतीय नागरिकों की मौत के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से अपेक्षित स्तर पर प्रतिक्रिया नहीं दिखाई दी।

आप सांसद ने कहा कि भारत को अपने नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने विदेश मंत्री S. Jaishankar के प्रयासों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को अपने हितों की रक्षा के लिए और अधिक सख्त रुख अपनाना चाहिए। संजय सिंह ने केंद्र सरकार से इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
राम मंदिर चोरी मामले में भाजपा और ट्रस्ट प्रबंधन घिरा
अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़े मामलों में गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं, जिनका जवाब केंद्र सरकार और ट्रस्ट प्रबंधन को देना चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया कि उन्होंने सबसे पहले राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में हुई कथित चोरी के मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और नकदी भी बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अनियमितता नहीं हुई, तो बरामदगी और गिरफ्तारियों के मामलों पर स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए।
संजय सिंह ने मंदिर ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्वच्छता में इंदौर का नाम है पर लोगों को नहीं मिल रहा साफ पानी
आम आदमी पार्टी के सांसद ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। साथ ही इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और भागीरथपुरा जलकांड को लेकर भी सरकार को घेरा। इंदौर में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी काम की राजनीति करती है और जनता के मूलभूत मुद्दों पर संघर्ष करती है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में बेहतर काम किया है।

वहीं मध्यप्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और जनता को महंगी बिजली का सामना करना पड़ रहा है। संजय सिंह ने इंदौर के भागीरथपुरा जलकांड का जिक्र करते हुए कहा कि दूषित पानी की वजह से कई लोगों की जान गई, जो प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए इंदौर की पहचान देशभर में है, लेकिन लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सरकार से जनता की बुनियादी समस्याओं पर गंभीरता से काम करने की मांग की।
Varsha Shrivastava 
