31वां इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026: पब्लिक वाणी बनी चैंपियन, फाइनल में पीपुल्स समाचार को हराकर जीता खिताब

पब्लिक वाणी पहली बार बना चैंपियन, फाइनल में पीपुल्स समाचार को 29 रन से हराया, विजेता टीम को मिला 1 लाख रुपये कैश प्राइज

31वां इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026: पब्लिक वाणी बनी चैंपियन, फाइनल में पीपुल्स समाचार को हराकर जीता खिताब

भोपाल। 31वें IES–DIGIANA इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 की चैंपियन पब्लिक वाणी की टीम बन गई है। मंगलवार को फाइनल मुकाबला राजधानी भोपाल के ओल्ड चैंपियन ग्राउंड पर खेला गया। जहां पब्लिक वाणी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीपुल्स समाचार को हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम रही पब्लिक वाणी को इनामी राशि के रुप में 1 लाख रुपये मिले हैं। 

पब्लिक वाणी बना पहली बार चैंपियन

राजधानी भोपाल में खेले गए इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पब्लिक वाणी की टीम ने जीत लिया है। ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेल गए फाइनल मैच में पीपुल्स समाचार को 29 रन से हराकर पब्लिक वाणी ने पहली बार ट्रॉफी जीती है। पब्लिक वाणी ने पीपुल्स समाचार को 145 रन का टारगेट दिया, लेकिन पीपुल्स की टीम 115  रन पर ही ढेर हो गई। मैच जीतने के बाद विनर टीम पब्लिक वाणी को 1 लाख रुपये कैश प्राइज दिया गया है। वहीं, रनरअप टीम पीपुल्स समाचार को 50 हजार रुपये का कैश प्राइज मिला है। 

पुरस्कार वितरण समारोह में दिग्गजों की मौजूदगी

टूर्नामेंट का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी, डिजियाना ग्रुप के सीएमडी तेजिंदर सिंह घुम्मन, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल और जनसंपर्क के अतिरिक्त संचालक जीएस बाधवा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मनीष दीक्षित, रिजवान अहमद सिद्दिकी, आईपीएस के डीन संजय शर्मा, आरएनटीयू के पीआरओ विजय सिंह, रूपेंदर सिंह चौहान सहित आयोजन समिति के संरक्षक व पब्लिक वाणी समूह के CMD मृगेंद्र सिंह भी मौजूद रहें।

शशांक का ऑलराउंड प्रदर्शन

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पब्लिक वाणी ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। जवाब में पीपुल्स समाचार की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.3 ओवर में मात्र 115 रन पर सिमट गई। पब्लिक वाणी की जीत के नायक शशांक गुप्ता रहे, जिन्होंने फाइनल में ऑलराउंड प्रदर्शन कर टीम को चैंपियन बनाया। शशांक ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 52 गेंदों में 66 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और एक शानदार छक्का शामिल रहा। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मानसरोवर मैन ऑफ द फाइनल का पुरस्कार दिया गया। 

कप्तान विशाल गर्ग का योगदान

पब्लिक वाणी की ओर से कप्तान विशाल गर्ग ने 15 रन का योगदान दिया। वहीं संजय मालवीय ने तेजतर्रार अंदाज में 10 गेंदों में 20 रन बनाए। पियूष मिश्रा ने भी उपयोगी पारी खेलते हुए 23 गेंदों में 25 रन जोड़े।

दीपक बाजपेयी की घातक गेंदबाजी

पब्लिक वाणी की गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दीपक बाजपेयी ने शुरुआती ओवरों में तीन अहम विकेट लेकर पीपुल्स समाचार की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दीपक ने कुल 4 विकेट हासिल किए। दूसरे छोर से प्रकाश ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके। शशांक गुप्ता ने शिवकुमार और गुफरान को क्लीन बोल्ड कर पीपुल्स की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं। विष्णु और देवेंद्र सिंह को भी एक-एक सफलता मिली।

पीपुल्स के गेंदबाजों ने किया संघर्ष, बल्लेबाजी रही कमजोर

पीपुल्स समाचार की ओर से गेंदबाजी में फराज सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 विकेट झटककर पब्लिक वाणी की रन गति पर अंकुश लगाने की कोशिश की। आयुष नेगी और संजय शर्मा को एक-एक विकेट मिला, जबकि विवेक, महेंद्र और राहुल तवर को कोई सफलता नहीं मिल सकी। 145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीपुल्स समाचार की शुरुआत ठीक रही। ओपनर संजय शर्मा (26) और मनीष दीक्षित (19) ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद पूरी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर नहीं खेल सका। महेंद्र (12), राहुल तवर (18) और शिवकुमार (16) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। कप्तान विवेक एस सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए।

तीन कैटेगरी में हुआ टूर्नामेंट, ये बने बेस्ट प्लेयर

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन तीन श्रेणियों—पत्रकार, कॉर्पोरेट और डिपार्टमेंटल—में किया गया, जिसमें कुल 33 टीमों ने भाग लिया। कॉर्पोरेट वर्ग में हमीदिया स्पोर्ट्स विजेता और भोपाल क्रिकेट क्लब उपविजेता बना। डिपार्टमेंटल वर्ग में डीजीपी टीम ने खिताब जीता, जबकि नगर निगम भोपाल उपविजेता रही। टूर्नामेंट में दैनिक भास्कर के प्रभात शुक्ला को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज (218 रन, एक शतक), पब्लिक वाणी के प्रकाश को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज (10 विकेट), दैनिक जागरण के अजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ फील्डर और दैनिक भास्कर के अश्विनी सोलंकी को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर चुना गया। नवदुनिया को सबसे अनुशासित टीम का पुरस्कार मिला। वहीं आरएनटीयू प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जलील खान (राज एक्सप्रेस) के नाम रहा। वहीं, मानसरोवर मैच ऑफ द फाइनल शशांक सिंह (पब्लिक वाणी-66 रन, 2 विकेट) और RNTU मोस्ट वैल्युएबेल प्लेयर दीपक वाजपेयी (पब्लिक वाणी- 2 विकेट) को चुना गया। 

<iframe width="463" height="823" src="https://www.youtube.com/embed/Mevsdhb4O8A" title="पीपुल्स समाचार को 29 रन से हराकर पब्लिक वाणी बनी चैंपियन" frameborder="0" allow="accelerometer; autoplay; clipboard-write; encrypted-media; gyroscope; picture-in-picture; web-share" referrerpolicy="strict-origin-when-cross-origin" allowfullscreen></iframe>