सतना में गरबा प्रैक्टिस से लौट रही युवती से छेड़छाड़: हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

सतना में गरबा प्रैक्टिस से लौट रही युवती से छेड़छाड़, शादी का दबाव बनाने और मोबाइल तोड़ने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

सतना में गरबा प्रैक्टिस से लौट रही युवती से छेड़छाड़: हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

सतना। जिले में गरबा प्रैक्टिस से घर लौट रही एक युवती के साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने युवती का रास्ता रोककर उस पर शादी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

रास्ता रोककर बनाया शादी का दबाव

पुलिस के अनुसार, घटना 2 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। युवती धवारी स्थित रंगभूमि पैलेस से गरबा प्रैक्टिस करके पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान व्यंकट क्रमांक-1 स्कूल के पास आरोपी ध्रुव पटारिया स्कूटी से पहुंचा और युवती का रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि आरोपी ने युवती का हाथ पकड़कर उसके साथ जबरदस्ती की और शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती के विरोध करने पर उसने उसका मुंह दबाने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी ने युवती का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया। मौके पर स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग निकला।

शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। सिटी कोतवाली टीआई हेमंत शर्मा के मुताबिक, मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपी ध्रुव पटारिया (22), पिता राकेश पटारिया, निवासी कंपनी बाग, थाना सिटी कोतवाली, सतना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में महिला प्रधान आरक्षक नीरा बागरी, प्रधान आरक्षक मनोज सिंह बघेल, आरक्षक धीरेन्द्र पटेल, बलराम चौधरी और शिव कुमार तिवारी की भूमिका रही।