SATNA NEWS: युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
सतना में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
SATNA NEWS : सतना के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डालीबाबा इलाके में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और जुलूस निकाला।
पुरानी रंजिश में किया हमला
जानकारी के मुताबिक, नजीराबाद निवासी फैसल उर्फ अजमल खान देर रात अपने दोस्त अदनान के साथ बाइक से पन्नीलाल चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान डालीबाबा चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर बेटू मंसूरी, विराट विंध्य और अंबिया ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया। विवाद के दौरान फैसल की पीठ पर चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
दो गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बेटू मंसूरी और विराट विंध्य को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अंबिया फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और जुलूस निकाला। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

