MP Weather Update: कई जिलों में आंधी-बारिश, तापमान में गिरावट

मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि 21 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल और इंदौर समेत कई जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा और 10-11 मई से पूरे प्रदेश में तापमान बढ़ने की संभावना है।

MP Weather Update: कई जिलों में आंधी-बारिश, तापमान में गिरावट
google

मध्य प्रदेश में तेज धूप और गर्मी के बीच आंधी-बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 7 मई को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। बीती सुबह रीवा में तापमान 34 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया, वहीं ग्वालियर, नौगांव, सीधी और सतना भी ठंडे रहे।

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के 21 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में आंधी के साथ बारिश का अनुमान है।

भोपाल और इंदौर की बात करें तो यहां तापमान में गिरावट के कोई आसार नहीं हैं। दोनों शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इसके आसपास रहेगा। साथ ही उज्जैन समेत प्रदेश के 34 जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा।

7 मई को नर्मदापुरम, टीकमगढ़ और श्योपुर में बारिश हुई, जबकि ग्वालियर-चंबल, रीवा, शहडोल संभाग में आंधी और काले बादल छाए रहे। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के बीचोबीच एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है और दूसरा ऊपरी हिस्से में है, जिससे प्रदेश में मौसम कहीं ठंडा तो कहीं गर्म देखने को मिल रहा है।

प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ भी गुजर रही है। साथ ही 10 मई से नया सिस्टम भी एक्टिव हो रहा है, जिसकी वजह से प्रदेश में अगले 2 दिन तक कुछ जिलों में बारिश और आंधी के आसार हैं। इसके बाद 10 और 11 मई को पूरे प्रदेश में गर्मी पड़ेगी।