सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हमला, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शख्स ने फेंकी चप्पल; समर्थकों ने पकड़ा, FIR दर्ज

दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव पर एक शख्स ने चप्पल फेंक दी। पप्पू यादव ने आरोपी पर चाकू लेकर हमला करने की कोशिश का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हमला, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शख्स ने फेंकी चप्पल; समर्थकों ने पकड़ा, FIR दर्ज

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार शाम दिल्ली स्थित उनके आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमला करने की कोशिश की गई। प्रेस वार्ता के बीच एक व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंक दी। घटना के बाद वहां मौजूद समर्थकों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पप्पू यादव मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक आगे बढ़ा और उनकी ओर चप्पल फेंक दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। समर्थकों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के आने तक रोके रखा।

पप्पू यादव का दावा- चाकू लेकर आया था आरोपी

घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि युवक उनकी हत्या की नीयत से आया था। उनका दावा है कि आरोपी के पास चाकू था। उन्होंने कहा, "कुछ बाबा रोज कहते हैं कि मुझे मार दो, जला दो, हम 51 लाख रुपए देंगे। हमने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस उसे लेकर गई है और उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।"

हालिया विवाद के बाद बढ़ा तनाव

यह घटना ऐसे समय हुई है जब हाल ही में पप्पू यादव संसद परिसर में कथित 'चढ़ावा चोरी' को लेकर किए गए उनके विरोध और बयान को लेकर चर्चा में थे। इसी विवाद के बाद लखनऊ के एक हिंदूवादी नेता ने कथित तौर पर पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।

'मेरा गुनाह क्या है?'

हमले के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, "आपके सामने ही हमला हुआ है। मेरा गुनाह क्या है? गुनाह बृजभूषण तिवारी का है, चंपत राय का है।"

पुलिस ने शुरू की जांच

दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पप्पू यादव के अनुसार, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।