सतना में 4 मासूमों को HIV संक्रमित ब्लड चढ़ाने के मामले पर सियासत तेज, कांग्रेस ने कहा- ये स्वास्थ्य व्यवस्था पर कलंक है

सतना जिले में चार मासूम बच्चों को एचआईवी संक्रमित ब्लड चढ़ाए जाने की घटना को लेकर राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विधायक जयवर्धन सिंह और विक्रांत भूरिया ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

सतना में 4 मासूमों को HIV संक्रमित ब्लड चढ़ाने के मामले पर सियासत तेज, कांग्रेस ने कहा- ये स्वास्थ्य व्यवस्था पर कलंक है
Jaivardhan Singh PC

भोपाल। सतना जिले में चार मासूम बच्चों को  HIV संक्रमित ब्लड चढ़ाने के मामले को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। 18 दिसंबर गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पूर्व मंत्री व विधायक जयवर्धन और कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने संयुक्त रूप से को संबोधित किया।

घटना स्वास्थ्य व्यवस्था पर कलंक – जयवर्धन सिंह

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि यह घटना न केवल मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाली है। बल्कि इसने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि चार निर्दोष बच्चों का भविष्य इस लापरवाही की भेंट चढ़ गया, इसकी जिम्मेदारी तय होना अनिवार्य है।

जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों और ब्लड बैंकों में जांच की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। यदि मानकों के अनुसार रक्त की जांच की जाती, तो यह घटना कभी नहीं होती। यह सीधा-सीधा आपराधिक लापरवाही का मामला है और दोषियों को संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने कहा कि यह केवल सतना का मामला नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों को पद से हटाया जाए।