मऊगंज में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर; रीवा रेफर

मऊगंज के पटेहरा के पास नेशनल हाईवे-135 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार रवि कोरी को टक्कर मार दी। घायल युवक को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया।

मऊगंज में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर; रीवा रेफर

Mauganj Accident: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में नेशनल हाईवे-135 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सिविल अस्पताल मऊगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

घटना बीती रात करीब 10 बजे पटेहरा गांव के पास की है। घायल युवक की पहचान पटेहरा निवासी रवि कोरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रवि रोज की तरह दुकान बंद करके बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

सड़क पर लहूलुहान हालत में मिला युवक

टक्कर लगने के बाद रवि सड़क पर गिर पड़ा और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने परिजनों को सूचना दी। इसी दौरान समाजसेवी सूरज जायसवाल वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने घायल युवक को सड़क पर पड़ा देखा तो तुरंत अपने वाहन से उसे सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद घायल युवक के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। घटना के संबंध में ट्रक चालक की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आगे की जानकारी सामने आना बाकी है।