विजयादशमी 2026 पर सड़कों पर बिखरा खून : अलग-अलग हादसों में 8 घायल

बंधवा मोड़ से सुमेदा कला तक तीन दुर्घटनाएं, रीवा रेफर हुआ एक घायल

विजयादशमी 2026 पर सड़कों पर बिखरा खून : अलग-अलग हादसों में 8 घायल

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज

विजयादशमी का पावन पर्व नईगढ़ी थाना क्षेत्र में हादसों भरा  साबित हुआ। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर रात के दौरान हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में कुल आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

पहली दुर्घटना नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बंधवा मोड़ के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कैलाश साकेत पिता नाथू प्रसाद साकेत उम्र 50 वर्ष निवासी परासी थाना गढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया।

हाल जानने गए, खुद हो गए हादसे का शिकार

दूसरी घटना मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाली रही। बंधवा मोड़ हादसे में घायल कैलाश साकेत का हाल जानने अस्पताल जा रहे उसके रिश्तेदार भी सड़क हादसे का शिकार हो गए। पिपरा निवासी राजभर साकेत, लालता प्रसाद साकेत एवं रामकुमार साकेत तीनों पिता मथुरा प्रसाद साकेत निवासी पिपरा थाना नईगढ़ी अस्पताल जाते समय दुर्घटनाग्रस्त होकर स्वयं घायल होकर अस्पताल पहुंच गए।

तीसरी दुर्घटना कटरा-मऊगंज मार्ग पर सुमेदा कला गांव के पास हुई, जहां ऑटो और मोटरसाइकिल में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार हिमांशु द्विवेदी पिता सुरेश द्विवेदी उम्र 18 वर्ष निवासी करह थाना शाहपुर एवं प्रणव द्विवेदी पिता उमेश द्विवेदी उम्र 15 वर्ष निवासी करह घायल हो गए।

वहीं ऑटो चालक उमेश कुमार जायसवाल पिता समरजीत जायसवाल उम्र 30 वर्ष निवासी बरयां कला थाना मऊगंज एवं ऑटो में सवार आनंद कुमार कोल पिता रामजीत कोल उम्र 26 वर्ष निवासी बरयां कला थाना मऊगंज घायल हो गए।

सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया है। कैलाश साकेत की हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया है।