शादी के तीन महीने बाद 22 वर्षीय नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी
मैहर के अमरपाटन क्षेत्र के धमना गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता लक्ष्मी विश्वकर्मा का शव फांसी के फंदे से मिला. शादी को तीन महीने हुए थे. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के धमना गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी.
मृतका की पहचान लक्ष्मी विश्वकर्मा (22) के रूप में हुई है. वह उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया गांव की रहने वाली थीं. उनका विवाह 5 मई 2026 को अमरपाटन निवासी अनित विश्वकर्मा से हुआ था.
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे, जबकि लक्ष्मी घर पर अकेली थीं. जब परिवार वापस लौटा तो कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे उनका शव लटका मिला. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
शुक्रवार देर शाम होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के तहत परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.
Anubhav Dubey 
