मैहर कॉलेज में सेशनल कॉपी विवाद: छात्राओं और प्राध्यापक के बीच हंगामा

मैहर के शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में सेशनल कॉपी न लेने को लेकर छात्राओं और सहायक प्राध्यापक के बीच जमकर विवाद हुआ। छात्राओं और परिजनों ने प्राध्यापक को घेर लिया, प्राचार्य की मौजूदगी में बहस और हंगामा चलता रहा।

मैहर कॉलेज में सेशनल कॉपी विवाद: छात्राओं और प्राध्यापक के बीच हंगामा
google

मैहर जिले के शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में सोमवार को जमकर बवाल हुआ। रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. आलोक सिन्हा पर छात्राओं ने बदतमीजी करने और सेशनल कॉपी जमा न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि प्रोफेसर और छात्राओं के बीच सरेराह तू-तू मैं-मैं हुई, जिसे देख कॉलेज परिसर छावनी जैसा नजर आने लगा।

कई दिनों से लगा रहे थे चक्कर

केमिस्ट्री विभाग की छात्राओं का आरोप है कि वे पिछले कई दिनों से अपनी सेशनल कॉपी जमा करने के लिए विभाग के चक्कर काट रही हैं, लेकिन डॉ. आलोक सिन्हा उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर ने न केवल उनके साथ अभद्रता की, बल्कि उन्हें विभाग से भगा भी दिया। परेशान होकर छात्राओं ने दो दिन पहले एसडीएम अमरपाटन को भी लिखित शिकायत सौंपी थी।

लगाया ताला और भागने लगे, परिजनों ने रोका

सोमवार को छात्राएं अपने परिजनों के साथ दोबारा कॉलेज पहुँचीं। आरोप है कि छात्राओं को देखते ही डॉ. सिन्हा ने विभाग का ताला बंद किया और वहां से चल दिए। जब छात्राओं और परिजनों ने उन्हें रास्ते में रोका, तो वे बहस करने लगे और सेशनल जमा न करने की जिद पर अड़ गए। इसी दौरान छात्राओं ने उन्हें जमकर फटकार लगाई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वायरल वीडियो में डॉ. आलोक सिन्हा यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि "जहां शिकायत करनी है कर दो, कुछ नहीं होगा।"

प्राचार्य की मौजूदगी में चला हंगामा

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार वर्मा मौके पर पहुँचे और बीच-बचाव की कोशिश की। उन्होंने डॉ. सिन्हा को छात्राओं की कॉपियां जमा करने के निर्देश दिए, लेकिन एचओडी अपनी जिद पर अड़े रहे। प्राचार्य की मौजूदगी में ही प्रोफेसर और परिजनों के बीच तीखी बहस होती रही, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्राचार्य बोले—पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें

इस पूरे मामले पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. वर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। डॉ. आलोक सिन्हा के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने पहले भी शिकायतें की हैं। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।