विभाग बदले जाने के बाद पहली बार बोले मंत्री लखन पटेल, कहा- 'मैं आनंद विभाग में आनंद में हूं'

विभाग बदले जाने के बाद मंत्री लखन पटेल पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा, 'मैं आनंद विभाग में आनंद में हूं।' जमीन विवाद, मुख्यमंत्री से मुलाकात और दतिया भाजपा विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

विभाग बदले जाने के बाद पहली बार बोले मंत्री लखन पटेल, कहा- 'मैं आनंद विभाग में आनंद में हूं'

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार में विभागों के फेरबदल के बाद मंत्री लखन पटेल पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने अपने विभाग में हुए बदलाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह नए दायित्व से पूरी तरह संतुष्ट हैं और मुख्यमंत्री को विभागों के आवंटन का विशेष अधिकार है। मंत्री लखन पटेल ने कहा, "मैं आनंद विभाग में आनंद में हूं। मुख्यमंत्री जी का विशेष अधिकार है, उन्हें जो उचित लगेगा, वही करेंगे।"

जमीन लेनदेन के आरोपों पर क्या बोले?

जमीन लेनदेन को लेकर हुई कार्रवाई और उठ रहे सवालों पर मंत्री लखन पटेल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि "ये सब काल्पनिक बातें हैं। इंटरनेट पर सब कुछ है और सब ठीक है।"

मुख्यमंत्री से मुलाकात का किया जिक्र

लखन पटेल ने बताया कि विभागीय बदलाव के बाद भी उनकी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कई बार मुलाकात हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में भी शामिल हुए थे।

दतिया भाजपा कार्यकारिणी पर टिप्पणी से किया इनकार

दतिया भाजपा कार्यकारिणी भंग किए जाने के सवाल पर मंत्री ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "मैं इस विषय पर कुछ नहीं कहना चाहता। पार्टी के फैसले पर प्रवक्ता विस्तार से जानकारी देंगे।"

मंत्री लखन पटेल के इस बयान को विभागीय फेरबदल के बाद उनकी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है। उनके बयान के बाद प्रदेश की सियासत में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।