IPL 2026: 75 लाख में बिके रीवा के कुलदीप सेन, राजस्थान रॉयल्स ने फिर जताया भरोसा

IPL 2026 मिनी ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने रीवा के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन को 75 लाख रुपये में खरीदा। RR से खेलने जा रहे कुलदीप की वापसी से उनके फैंस और परिवार में खुशी का माहौल है।

IPL 2026: 75 लाख में बिके रीवा के कुलदीप सेन, राजस्थान रॉयल्स ने फिर जताया भरोसा

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले तेज गेंदबाज कुलदीप सेन एक बार फिर IPL में खेलते नजर आएंगे। IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। ये ऑक्शन 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी में हुआ। इस खबर के सामने आते ही रीवा में खुशी का माहौल बन गया और कुलदीप के घर पर जश्न शुरू हो गया।


राजस्थान रॉयल्स में खेलेंगे कुलदीप 

कुलदीप सेन चौथी बार राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते दिखेंगे। इससे पहले भी वो कई सीजन में इसी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। पिछले सीजन यानी IPL 2025 में उन्हें पंजाब किंग्स ने 80 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन इस बार पंजाब ने उन्हें रिटेन नहीं किया। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया और बेस प्राइस पर टीम में वापस ले लिया।  

साधारण परिवार से आते हैं कुलदीप 

कुलदीप की सफलता के पीछे कड़ी मेहनत और लंबा संघर्ष छिपा है। उनके पिता आज भी रीवा में नाई की दुकान चलाते हैं। छोटे शहर से निकलकर IPL जैसे बड़े मंच तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन कुलदीप ने कभी हार नहीं मानी। बेटे की इस कामयाबी से पूरा परिवार और मोहल्ला खुशी से झूम उठा है। 

कुलदीप के पिता 

कुलदीप का सफर 

क्रिकेट के मैदान पर भी कुलदीप सेन का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने टी20, रणजी और लिस्ट ए मुकाबलों में शानदार गेंदबाजी की है। रणजी ट्रॉफी के 2021–22 सीजन में उनके प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा था, जिसके बाद उन्हें IPL में खेलने का मौका मिला।