ट्रैक्टर-बाइक की भिड़ंत: 32 वर्षीय युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
कटरा-मऊगंज मार्ग पर जोधपुर के पास भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा रीवा रेफर
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा मऊगंज मार्ग पर बीती रात सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा नईगढ़ी थाना क्षेत्र के भीर चौकी अंतर्गत जोधपुर के पास रात में हुआ। जहां मुख्य मार्ग पर गिट्टी लोड ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
बताया गया कि हकरिया निवासी विनोद विश्वकर्मा उम्र 32 वर्ष पिता प्रभुनाथ विश्वकर्मा अपने साथी रवि साहू पिता मुनिराज साहू के साथ बाइक से कटरा से गांव लौट रहे थे। तभी जोधपुर के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में तैनात आरक्षक रितिक सिंह ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल विनोद विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रवि साहू को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया।
नईगढ़ी पुलिस ने बताया कि हादसे में विनोद विश्वकर्मा की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रैक्टर चालक को हिरासत कर लिया गया है। मृतक के शव को सिविल अस्पताल मऊगंज में पीएम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया।
Varsha Shrivastava 
