इंदौर: DCP के साथ टीम ने राजवाड़ा के मुख्य बाजारों में किया पैदल भ्रमण, यातायात पुलिस के प्रयास से आवागमन हुआ सुगम

राजवाड़ा क्षेत्र के व्यापारियों ने की पहल- यातायात पुलिस के साथ भ्रमण कर दुकानदारों और ग्राहकों से व्यवस्था में सहयोग की अपील की।

इंदौर: DCP के साथ टीम ने राजवाड़ा के मुख्य बाजारों में किया पैदल भ्रमण, यातायात पुलिस के प्रयास से आवागमन हुआ सुगम
Indore traffic police initiative

इंदौर। शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर. के. सिंह और पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में राजवाड़ा क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया गया।

राजवाड़ा क्षेत्र के मुख्य बाजारों में व्यापारी संगठनों और यातायात पुलिस ने मिलकर एक सकारात्मक पहल की। बाजार में माइक के माध्यम से दुकानदारों और नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की गई। व्यापारियों ने कहा कि यातायात पुलिस लगातार क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था के प्रयास कर रही है। अब उनकी भी जिम्मेदारी है कि वे अपनी दुकानों के सामने बनी सफेद पट्टी (व्हाइट लाइन) में केवल ग्राहकों के लिए अल्प समय के लिए वाहन खड़े होने दें और स्वयं अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही पार्क करें। इससे आमजन को आवागमन में कोई परेशानी नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने बताया कि राजवाड़ा, सराफा, कपड़ा मार्केट, खजूरी बाजार, सुभाष चौक और आसपास के निर्धारित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि आवागमन सुचारू और सुरक्षित हो। पुलिस उपायुक्त ने दुकानदारों और व्यापारियों से विशेष अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें। यदि किसी दुकान के बाहर कोई वाहन लंबे समय तक खड़ा रहता है, तो इसे अवैध पार्किंग की श्रेणी में माना जाएगा।

साथ ही, नागरिकों और व्यापारियों को सूचना दी गई कि ऐसे वाहनों की शिकायत यातायात पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर कर सकते हैं, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों से भी अनुरोध किया गया कि वे नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन न खड़ा करें और नियमों का पालन करते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।

पुलिस और व्यापारियों की इस संयुक्त पहल से राजवाड़ा क्षेत्र का यातायात सुचारू रूप से संचालित रहा। वाहन चालकों और पैदल यात्रियों दोनों को आवागमन में सुविधा मिली। यह कदम शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।