मऊगंज:ट्राई साइकिल मिलते ही दिव्यांग राकेश के चेहरे पर छाई खुशी, कलेक्टर की तत्परता से मिली राहत

पात्रता जांच के बाद मौके पर ही उपलब्ध कराई गई साइकिल, हितग्राही ने कहा- अब आसान होगा आना जाना

मऊगंज:ट्राई साइकिल मिलते ही दिव्यांग राकेश के चेहरे पर छाई खुशी, कलेक्टर की तत्परता से मिली राहत

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।

जिले में प्रशासन की संवेदनशीलता का एक और उदाहरण सामने आया है। देवतालाब तहसील के जुड़मनिया रघुनाथ निवासी दिव्यांग राकेश कुमार पटेल को कलेक्टर संजय कुमार जैन की पहल पर ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राई साइकिल मिलते ही राकेश के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई।

कलेक्टर से बताई थी अपनी पीड़ा
  
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्यांग राकेश कुमार पटेल काफी समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे थे। शारीरिक अक्षमता के कारण उन्हें कहीं आने जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जनसुनवाई के दौरान राकेश ने कलेक्टर संजय कुमार जैन से मुलाकात कर अपनी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि साधन न होने से रोजमर्रा के काम और इलाज के लिए भी दिक्कत होती है।

तुरंत दिए निर्देश, मौके पर मिला लाभ
 
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने राकेश की समस्या को गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा पात्रता की जांच की गई। सभी दस्तावेज सही पाए जाने पर राकेश को मौके पर ही ट्राई साइकिल प्रदान कर दी गई। 

हितग्राही ने जताया प्रशासन का आभार
 
ट्राई साइकिल मिलने के बाद राकेश कुमार पटेल ने कलेक्टर और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उनकी दिनचर्या आसान हो जाएगी। 

स्थानीय लोगों ने की कलेक्टर की सराहना
  
स्थानीय लोगों ने भी कलेक्टर संजय कुमार जैन के इस तत्परता की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन यदि इसी तरह संवेदनशीलता से काम करे तो जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल सकती है। सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में पात्र दिव्यांगजनों को चिन्हित कर उन्हें उपकरण उपलब्ध कराने का काम लगातार किया जा रहा है।