भोपाल जिला कोर्ट में पूर्व सांसद के बेटे पर हमला, जज के सामने हुई मारपीट

भोपाल जिला कोर्ट में पूर्व भाजपा सांसद आलोक संजर के बेटे व अधिवक्ता अनंत संजर पर पक्षकार के परिजन ने हमला कर दिया।

भोपाल जिला कोर्ट में पूर्व सांसद के बेटे पर हमला, जज के सामने हुई मारपीट

भोपाल के जिला न्यायालय में मंगलवार को वकील अनंत संजर पर कोर्ट परिसर में ही हमला कर दिया गया। अनंत संजर, पूर्व भाजपा सांसद आलोक संजर के बेटे हैं और वे पारिवारिक विवाद के मामले में काउंसलिंग के लिए फैमिली कोर्ट पहुंचे थे।

जज के सामने धमकी दी, थप्पड़ मारे-कपड़े खींचे

जानकारी के अनुसार, इसी दौरान उनके साले विद्युत भटनागर ने अचानक अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि जज के सामने भी उसने धमकी दी और बदसलूकी की। कोर्ट रूम से बाहर निकलते ही विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अनंत संजर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें थप्पड़ मारे गए, कपड़े खींचे गए और झूमाझटकी में उनकी शर्ट के बटन टूट गए।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वकील कोर्ट परिसर में जमा हो गए और आक्रोश व्यक्त किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वकीलों के गुस्से को देखते हुए आरोपी को कोर्ट परिसर के अंदर ही सुरक्षित रखा गया।

अनंत संजर घायल, MP नगर थाने में शिकायत दर्ज

हमले में अनंत संजर की आंख के पास चोट आई, जिससे खून बहने लगा। घटना के बाद वे अपनी पत्नी के साथ एमपी नगर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से दहेज प्रताड़ना सहित अन्य मामले दर्ज हैं और दोनों पक्षों के बीच विवाद लंबे समय से चल रहा है।

इस मामले पर पूर्व सांसद आलोक संजर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, लेकिन कानून को अपना काम करना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।