ट्रेन में मोबाइल और नकदी लूटने वाले शातिर बदमाश गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में

सतना में चलती ट्रेन में लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, GRP और RPF ने नाबालिग सहित 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ट्रेन में मोबाइल और नकदी लूटने वाले शातिर बदमाश गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में

सतना में GRP और RPF ने चलती ट्रेन में यात्रियों से मोबाइल और नकदी लूटने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महज 24 घंटे के अंदर की गई, जिसमें 2 शातिर बदमाशों के साथ 1 नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

मोबाइल, पर्स, नकदी छीन आरोपी हुए फरार

घटना 20 जून की शाम की है, जब ट्रेन संख्या 12168 वाराणसी–एलटीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे यात्री चंदन मिश्रा, निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश), के साथ लूट की वारदात हुई। सतना आउटर के पास तीन युवकों ने उनका मोबाइल फोन, पर्स और नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी चौकी में अपराध क्रमांक 090/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज

जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड का सहारा लिया गया। हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की फोटो दिखाए जाने पर फरियादी ने आरोपियों की पहचान कर ली, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।

जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों सूरज साकेत उर्फ गोलू (28 वर्ष) और कृष्ण पाल साकेत उर्फ छोटा गोलू (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि दोनों बालिग आरोपियों के खिलाफ जीआरपी और सिटी कोतवाली में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया रियलमी 10 प्रो 5G मोबाइल, 200 रुपये नकद, एक पर्स और पैन कार्ड बरामद किया है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।