भोपाल: श्रमोदय आवासीय विद्यालय में पानी को लेकर छात्रों के दो गुट भिड़े, 3 घायल
भोपाल के श्रमोदय आवासीय विद्यालय में पानी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, छात्रों के बीच हुई मारपीट, आधी रात तक चला हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
भोपाल स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं के बीच छात्रों के दो गुटों के बीच पानी को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में तीन विद्यार्थियों को गंभीर चोटें आईं, जिनके सिर पर टांके लगाने पड़े। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। हालांकि पुलिस ने पहले छात्रों को समझाकर शांत कराया, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट हो गई।
पानी की कमी और अव्यवस्थाओं से नाराजगी
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को पीने के लिए बाहर रखी सरकारी प्लास्टिक की पानी की टंकी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर छात्र असंतुष्ट हैं। इसी बीच पानी भरने और पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस का हस्तक्षेप, प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के दौरान विद्यालय की प्राचार्य रत्ना दुबे तथा शिक्षक स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते रहे, लेकिन हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस कुछ छात्रों को थाने भी ले गई, जहां उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि विद्यालय परिसर में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा और स्थिति सुबह करीब चार बजे सामान्य हो सकी।
सुविधाओं को लेकर फिर उठे सवाल
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि विद्यालय को पर्याप्त बजट मिलने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं हो पाया है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
