सतना सरकारी अस्पताल : ड्यूटी से डॉक्टर-नर्सिंग स्टाफ नदारद, सफाई कर्मचारी लगा रहा मरीजों को ड्रिप-इंजेक्शन
सरकारी खजाने से भारी भरकम वेतन ले रहे जिम्मेदार स्वास्थ्य कर्मी गायब; अप्रशिक्षित कर्मी के हाथों में मरीजों की जान, प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच और निलंबन की मांग
मध्य प्रदेश। सतना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उचेहरा में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। सरकारी अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ नदारद हैं। वहीं मरीजों को ड्रिप और इंजेक्शन जैसे संवेदनशील काम एक सफाई कर्मचारी द्वारा किए जा रहे हैं।
अप्रशिक्षित कर्मचारी के हाथों में इलाज
सरकारी खजाने से भारी वेतन लेने वाले जिम्मेदार स्वास्थ्य कर्मी गायब हैं। भर्ती लाचार मरीजों को इंजेक्शन लगाने और ड्रिप या नीडिल निकालने जैसे काम अप्रशिक्षित सफाई कर्मचारी कर रहा है। इससे मरीजों की जान खतरे में पड़ गई है। प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के निलंबन की मांग उठने लगी है।
वीडियो में रंगे हाथों पकड़ा गया
सामने आए वीडियो साक्ष्यों के अनुसार अस्पताल के अंतःरोगी वार्ड में बिस्तर पर महिला मरीज भर्ती हैं। इसी दौरान हल्के हरे रंग की शर्ट और खाकी पैंट पहने सफाई कर्मचारी को मरीजों के पास इंजेक्शन व नीडिल संभालते हुए देखा गया। जागरूक नागरिकों ने उससे सवाल किया कि वह वार्ड में सुई क्यों लगा रहा है। कर्मचारी ने अपना बचाव करते हुए कहा कि परिजन उसे नीडिल निकालने के लिए बुलाकर लाए थे।
व्यवस्था चरमराई, जांच की मांग
उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ अपनी ड्यूटी से नदारद पाए गए। मरीजों की जिंदगी के साथ खुला खिलवाड़ होने की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो और मरीजों को सुरक्षित इलाज मिल सके।

