सतना में कलकत्ता फ्लॉवर डेकोरेशन के गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर खाक

नगर निगम के पास फ्लॉवर डेकोरेशन गोदाम में आग लगने से मचा हड़कंप। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू।

सतना में कलकत्ता फ्लॉवर डेकोरेशन के गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर खाक

सतना। शहर में गर्मी बढ़ने के साथ आगजनी की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। सोमवार को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम कार्यालय के पास स्थित कलकत्ता फ्लॉवर डेकोरेशन के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही देखते-ही-देखते लपटें तेज हो गईं और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि दोपहर के समय गोदाम के अंदर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग की लपटें तेज हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए पानी की तेज बौछारें शुरू कीं।

गोदाम में ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी थी

गोदाम में विवाह समारोह, पार्टियों और अन्य आयोजनों में इस्तेमाल होने वाले फ्लावर डेकोरेशन के सामान, थर्माकोल, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई थी। इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में गोदाम का बड़ा हिस्सा जलने लगा। दमकल कर्मियों को आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

आग लगने के दौरान पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए थे। गोदाम मालिक शिव कुमार ने बताया कि गोदाम में लगभग ढाई करोड़ रुपये का डेकोरेशन सामान रखा हुआ था, जो आग लगने से काफी हद तक जलकर नष्ट हो गया है।

हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर अभी नुकसान का आधिकारिक आंकलन नहीं किया गया है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है।