राज्यसभा चुनाव: हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों पर वोटिंग खत्म, कई जगह क्रॉस वोटिंग से बदल सकते हैं नतीजे

हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग जारी है. बिहार में कांग्रेस के दो विधायक वोट डालने नहीं पहुंचे, जबकि हरियाणा में क्रॉस वोटिंग का डर बना हुआ है.

राज्यसभा चुनाव: हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों पर वोटिंग खत्म, कई जगह क्रॉस वोटिंग से बदल सकते हैं नतीजे

हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार सुबह 9 बजे से शुरू हुई वोटिंग पूरी हो गई है. मतदान के दौरान कई जगह क्रॉस वोटिंग की खबरें सामने आई हैं, जिससे चुनावी नतीजों पर असर पड़ सकता है. सबसे ज्यादा असर कांग्रेस के विधायकों पर देखने को मिला है.  अब इन सीटों के लिए वोटों की गिनती शाम को होगी और इसके बाद तस्वीर साफ हो जाएगी. 

बिहार में कांग्रेस और RJD के विधायक नहीं पहुंचे वोट देने

बिहार में मतदान के दौरान तीन कांग्रेस और एक आरजेडी विधायक ने अभी तक वोट नहीं डाला है. बताया जा रहा है कि इन सभी विधायकों के फोन भी बंद आ रहे हैं. वहीं NDA की तरफ से वोटिंग पूरी हो चुकी है. गठबंधन के सभी 202 विधायकों ने मतदान कर दिया है. दूसरी ओर महागठबंधन की तरफ से अब तक 37 विधायकों ने वोट डाले हैं.

बिहार विधानसभा में कुल 243 सदस्य हैं। यहां 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं. संख्याबल के आधार पर NDA को कम से कम 4 सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि पांचवीं सीट के लिए मुकाबला रोचक हो सकता है. 

ओडिशा में कांग्रेस के 3 विधायकों की क्रॉस वोटिंग

ओडिशा में क्रॉस वोटिंग की खबरों ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है. जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के तीन विधायक दासरथी गोमांगो, सोफिया फिरदौस और रमेश जेना ने क्रॉस वोटिंग की है. इसके अलावा BJD के सौभिक बिस्वाल और चक्रमणि कंअर के नाम भी क्रॉस वोटिंग की चर्चा में सामने आए हैं. ओडिशा विधानसभा में 147 सदस्य हैं, और यहां 4 राज्यसभा सीटों के लिए 5 उम्मीदवार मैदान में हैं. एक सीट जीतने के लिए 30 वोट जरूरी हैं.

भाजपा के दो उम्मीदवार मनमोहन सामल और सुजीत कुमार की जीत लगभग तय मानी जा रही है. वहीं BJD के संत्रुप्त मिश्रा भी मजबूत स्थिति में हैं. चौथी सीट पर मुकाबला कड़ा हो सकता है.

हरियाणा में इनेलो विधायकों ने वोटिंग से बनाई दूरी

हरियाणा में इनेलो के दोनों विधायकों ने वोटिंग नहीं करने का फैसला किया है. यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सबसे पहले वोट डाला. अब तक राज्य में 88 वोट डाले जा चुके हैं. हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं और यहां 2 सीटों के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं. जीत के लिए 31 वोट जरूरी हैं.

भाजपा के पास 48 विधायक हैं, इसलिए उसके उम्मीदवार संजय भाटिया की जीत लगभग तय मानी जा रही है. 
दूसरी सीट के लिए मुकाबला दिलचस्प है, जहां कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच मुकाबला बन सकता है। क्रॉस वोटिंग हुई तो परिणाम बदल सकते हैं.

37 में से 26 सीटें पहले ही निर्विरोध चुनी जा चुकी

देशभर में 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है. इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं. इनमें 13 सीटें NDA को 13 सीटें विपक्ष को मिली हैं. फिलहाल 37 सीटों में से 25 सीटें इंडिया गठबंधन के पास हैं, जबकि 12 सीटें NDA के पास हैं. चुनाव के बाद यह समीकरण बदल सकता है और NDA को करीब 8 सीटों का फायदा होने की संभावना जताई जा रही है.