सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने NH-39 निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर
NH-39-39 परियोजना की प्रगति तेज, संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश
सिंगरौली। संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और काम करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा कर निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली।
इसके अलावा सांसद ने निर्माण एजेंसी के साइट कैंप, मशीनरी और कार्यस्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के परियोजना अधिकारी के साथ अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांसद ने दिया गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर
निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अंदर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किए जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द ही बेहतर आवागमन सुविधा का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि व्यापार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
NH-39 सीधी और सिंगरौली के विकास की जीवनरेखा
NH-39 सीधी और सिंगरौली सहित पूरे क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा है। इस बार सड़क का निर्माण कई स्तर पर एक साथ चलेगा। जिसमें बड़े स्ट्रक्चरल वर्क के लिए अलग टीम औरसर्फेस वर्क के लिए अलग टीमें काम करेंगी। ब्लाइंड प्वाइंट पर पहले काम होंगे, ताकि बरसात में आवागमन बाधित न हो।
डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं और अब निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सांसद ने भरोसा जताया कि कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा और जनता की बरसों पुरानी मांग पूरी होगी।
Varsha Shrivastava 
