महेश केवट को बीजेपी ने अपने तीसरे उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव की तीसरी सीट के लिए महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन मैदान में हैं। तीसरी सीट पर मुकाबला रोचक होने के साथ ही कांग्रेस द्वारा विधायकों को तेलंगाना भेजे जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

महेश केवट को बीजेपी ने अपने तीसरे उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा
google

आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश में तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर मुकाबला बढ़ता ही जा रहा है। बीजेपी ने प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन को चुनौती देने के लिए मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है। ये दोनों ही प्रत्याशी आज नामांकन दाखिल करने वाले हैं।

बता दें कि तीसरे उम्मीदवार को लेकर बीजेपी ने 7 जून की शाम करीब एक घंटे तक बैठक की। यह बैठक मुख्यमंत्री निवास पर की गई, जिसमें चुनावी रणनीति और नामांकन प्रक्रिया पर चर्चा की गई। अंत में महेश केवट के नाम पर सहमति बन ही गई। कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा के तीसरे उम्मीदवार के मैदान में उतरने से कांग्रेस अब अपने विधायकों को तेलंगाना भेज सकती है।

आज दोपहर करीब डेढ़ बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी भाजपा कार्यालय में जुटेंगे और यहीं से विधानसभा पहुंचेंगे, जहां प्रत्याशी महेश केवट नामांकन दाखिल करेंगे।