मध्य प्रदेश में फिर लौटी ठंड, कई जिलों में घना कोहरे का अलर्ट
उत्तर पाकिस्तान के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे जुड़ी ट्रफ लाइन के चलते मौसम में बदलाव हो रहा है. इसी सिस्टम के असर की वजह से मध्य प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है.
मध्य प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि एमपी में अगले दो दिन ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
शनिवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर समेत कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे। कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट भी जारी किया है।
शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा
प्रदेश में ठंड का असर इस बात से समझा जा सकता है कि शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा।
इसके अलावा शिवपुरी में 8 डिग्री, चित्रकूट में 8.4 डिग्री, कटनी के करौंदी और रीवा में 8.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं खजुराहो में 9.4 डिग्री और मंडला में 9.7 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया।
नए सिस्टम से बदला मौसम
वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक तेज ठंड पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। उत्तर पाकिस्तान के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन की वजह से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
शनिवार को राजधानी भोपाल में भी दोपहर बाद बादल छा गए, जिससे दिन के तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बादलों की वजह से धूप कम निकली और ठंड का असर कुछ हल्का महसूस हुआ।
बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान
उज्जैन में 15 डिग्री, ग्वालियर में 13.5 डिग्री, जबलपुर में 14.8 डिग्री, इंदौर में 16.2 डिग्री और भोपाल में 17.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
DRASHTI JAIN 
