'नशे को कहें ना', Mauganj में 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' की गूंज

खेल और नुक्कड़ नाटकों से युवाओं को दिया नशामुक्त जीवन का संदेश

'नशे को कहें ना', Mauganj में 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' की गूंज

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

नशे की अंधेरी गली में भटक रही युवा पीढ़ी को उजाले की राह दिखाने के लिए पूरे जिले में 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के कुशल मार्गदर्शन में मऊगंज, हनुमना और शाहपुर थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को बेहद मार्मिक तरीके से प्रस्तुत किया गया।

कलाकारों ने अपने अभिनय से यह संदेश दिया कि एक पल का नशा, जिंदगी का तमाशा बन सकता है। अभियान को खेलों से जोड़ते हुए शहीद केदारनाथ कॉलेज ग्राउंड और स्टेडियम नईगढ़ी में युवा कल्याण विभाग के सहयोग से विशाल फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मैदान में युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि खेल मैदान में पसीना बहाओ, नशे की दलदल में नहीं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और रचनात्मक कार्यों में लगाएं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान को सिर्फ एक कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाएं। आज का युवा ही कल का भविष्य है, उसे नशे से बचाना हम सबकी ज़िम्मेदारी है।