जबलपुर के पारले बिस्किट फैक्ट्री में लगी भीषण आग
जबलपुर के पारले बिस्किट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैली लपटें; सभी कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए
जबलपुर: MP के जबलपुर में पारले बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। कई किलोमीटर दूर से धुएं का काला गुबार दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि ज्वलनशील सामग्री होने के चलते आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
पूरा मामला अधारताल थाना क्षेत्र का है। जहां रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पारले बिस्किट की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर ज्वलनशील सामग्री होने के चलते लपटें तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आगजनी देख वहां मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंची। घटना के बाद सबसे पहले फैक्ट्री के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पूरी तरह से आग बुझने के बाद ही नुकसान का आंकलन लग सकेगा।

