मैहर में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़: 5.49 लाख की शराब और वाहन जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
मैहर जिले में नादन-देहात पुलिस नाकेबंदी में पकड़ा गया लोडर वाहन, हिस्ट्रीशीटर निकला शराब तस्करी का मास्टरमाइंड फरार
मैहर। जिले में नादन-देहात पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अमरपाटन-मैहर रोड पर की गई नाकेबंदी के दौरान हुई। पुलिस ने एक लोडर वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
थाना प्रभारी पंचराज सिंह के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की और संदिग्ध लोडर वाहन (MP 19 ML 1858) को रोक लिया।
49 हजार की 72 लीटर शराब बरामद
तलाशी के दौरान वाहन के पीछे 8 कार्टून मिले, जिनमें देशी और अंग्रेजी शराब रखी हुई थी। कुल मिलाकर 72 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 49 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने जब वाहन चालकों से शराब के परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वे कोई वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
2 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल चौरसिया (21 वर्ष) और सूरज चौरसिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मैहर के चौरसिया मोहल्ले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह शराब हिस्ट्रीशीटर आशीष चौरसिया के कहने पर मंगवाई गई थी। उसका प्लान था कि इस शराब को मैहर क्षेत्र में अवैध रूप से बेचा जाए। इसके बाद पुलिस ने आशीष चौरसिया को भी इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया है, लेकिन वह मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आशीष चौरसिया कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से ही 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आबकारी एक्ट, मारपीट और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इसके अलावा उस पर राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि वह पहले भी जेल जा चुका है, लेकिन बाहर आने के बाद फिर से अवैध गतिविधियों में शामिल हो जाता है।
इस पूरे मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया है। बरामद शराब और लोडर वाहन को जब्त कर लिया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 5.49 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी आशीष चौरसिया की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Varsha Shrivastava 
