महिला मित्र के फ्लैट में मिला बिजली कर्मचारी का शव : हाथों पर मिले चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
Indore Crime News : प्रारंभिक जांच में मृतक के हाथों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Indore Crime News : मध्य प्रदेश। इंदौर के गांधीनगर थाना क्षेत्र की रामकमल रेसिडेंसी में एक बिजली कर्मचारी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निर्मल सिंह राजपूत के रूप में हुई है, जो पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। उनका शव महिला मित्र के फ्लैट में मिला है। मृतक के हाथों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
दरअसल, यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र की रामकमल रेसिडेंसी का है, जहां बीती रात पुलिस को एक फ्लैट में शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान निर्मल सिंह राजपूत के रूप में हुई, जो एरोड्रम थाना क्षेत्र के निवासी थे और बिजली कंपनी में लाइनमैन के पद पर पदस्थ थे।
प्रारंभिक जांच में मृतक के हाथों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में महिला मित्र सहित अन्य संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बिजली कर्मचारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की जांच को दिशा मिलेगी।

