मऊगंज में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई, मिठाई-दूध समेत 22 सैंपल जांच के लिए भेजे

दीपावली से पहले मऊगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई, दूध, पनीर, तेल और मसालों समेत 22 नमूने लिए। सैंपल जांच के लिए भोपाल लैब भेजे गए हैं।

मऊगंज में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई, मिठाई-दूध समेत 22 सैंपल जांच के लिए भेजे

राजेंद्र पयासी: दीपावली के त्योहार से पहले मध्यप्रदेश के मऊगंज में खाद्य विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों, किराना स्टोर, ढाबों और दूध विक्रेताओं के यहां निरीक्षण किया। इस दौरान खोवा बर्फी, जलेबी, गुलाब जामुन, पनीर, दूध, तेल और मसालों समेत कुल 22 नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।

कलेक्टर के निर्देश पर चला जांच अभियान

दीपावली के दौरान लोगों को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने जिले के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जिन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध लगी, उनके नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए। विभाग ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

मिठाई, किराना और ढाबों से लिए सैंपल

खाद्य विभाग की टीम ने खटखरी स्थित शिवम मिष्ठान भंडार से खोवा बर्फी, जलेबी और गुलाब जामुन के नमूने लिए। धीरेंद्र किराना स्टोर से नमकीन, गुड़ और जीरा जांच के लिए लिया गया।

प्रतापगंज बाजार के शिवम किराना स्टोर से नूडल्स, गुड़ और मयूर धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं, हनुमना बाईपास स्थित डीपी ढाबा से पनीर, नमकीन और अरहर दाल के सैंपल लिए गए।

दूध और तेल की भी होगी जांच

अभियान के दौरान दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए फेरी लगाकर दूध बेचने वाले छोटे लाल यादव और राजेश कुमार यादव से मिक्स मिल्क, गाय के दूध और भैंस के दूध के नमूने लिए गए।

इसके अलावा मऊगंज स्थित दादा भाई सुपर मार्केट से मैगी नूडल्स और मूंग दाल के नमूने लिए गए। देवारूल स्थित एक प्रतिष्ठान से नारियल तेल, सरसों तेल, मूंगफली तेल और गरम मसाले के नमूने भी संग्रहित किए गए।

रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी के मुताबिक, सभी 22 नमूने जांच के लिए भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में यदि कोई नमूना अमानक या असुरक्षित पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने मिठाई, खोवा, पनीर और किराना सामग्री बेचने वाले कारोबारियों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ बेचने की समझाइश दी है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, दीपावली तक मिलावट के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।