इंदौर में मंदिर ट्रस्टी कैलाश मोदी की बेरहमी से हत्या, गुरुद्वारे में घुसकर आरोपी ने 31 बार डंडे से मारा
अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की गुरुनानक कॉलोनी में 70 वर्षीय बुजुर्ग मंदिर संचालक को डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, शराब पीने से रोकने पर भड़का था मंदिर कर्मचारी
इंदौर। बुजुर्ग मंदिर संचालक कैलाश मोदी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की गुरुनानक कॉलोनी का है। आरोपी ने 31 बार डंडे से वार कर बुजुर्ग को मौत के घाट उतारा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

वहीं, पुलिस ने मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया है। जानाकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से कुछ मामले चल रहे हैं। प्रशासन को उसके व्यवहार को लेकर कई बार आवेदन भी दिए जा चुके हैं।
शराब पीने से टोकने पर मंदिर कर्मचारी ने की हत्या
इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। गुरुनानक कॉलोनी में बारामत्था मंदिर के मुख्य ट्रस्टी और अध्यक्ष की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मंदिर के चौकीदार पर है, जिसने कथित तौर पर 31 बार डंडे से वार कर बुजुर्ग की जान ले ली। बताया जा रहा है कि आरोपी मंदिर परिसर में अपने परिवार के साथ रहता था और शराब के नशे में मंदिर आने से रोकने को लेकर मृतक से रंजिश रखता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुकेश शर्मा मंदिर में चौकीदारी का काम करता है और लंबे समय से शराब पीने का आदी है। वह अकसर नशे में मंदिर परिसर में विवाद करता रहता था। कैलाश मोदी उसे पहले भी कई बार समझाइश दे चुके थे। कुछ समय पहले कैलाश मोदी ने उसे शराब के नशे में मंदिर परिसर में प्रवेश करने से रोका था, जिसके बाद से वह उनसे नाराज चल रहा था।
जान बचाने गुरुद्वारे में भागे, आरोपी वहां भी आ गया
घटना वाले दिन भी सुबह जब मुकेश फिर से नशे की हालत में मंदिर पहुंचा तो कैलाश मोदी ने उसे समझाने की कोशिश की। इस पर मुकेश भड़क गया और मारने के लिए डंडा उठा लिया। जान बचाने के लिए बुजुर्ग पास के गुरुद्वारे में पहुंच गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और डंडे से लगातार वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

सिर में गंभीर और गहरे घाव होने के कारण कैलाश मोदी मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। जिन्हें वहां मौजूद लोग तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
वारदात सीसीटीवी में कैद, आरोपी किया गया गिरफ्तार
घटना, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सुबह 5 बजे गुरुद्वारे में सत्संग चल रहा था, ऐसे में साउंड के चलते आवाज नहीं आई। कैलाश मोदी लंबे समय से मंदिर में सेवाएं दे रहे थे। उनके 4 भाई और एक बेटा है। जिस मंदिर के वह ट्रस्टी थे, वह 150 साल पुराना बताया जा रहा है।

यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।सूचना मिलने पर अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुकेश शर्मा को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट और उत्पात मचाने के कई मामले दर्ज हैं। उसे जिला बदर करने की प्रक्रिया भी चल रही थी, लेकिन नोटिस की कार्रवाई पूरी होने से पहले ही उसने इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Varsha Shrivastava 
