11 February 2026: रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा की याचिका HC ने खारिज की, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें

इंदौर हाईकोर्ट ने जोन-2 के डीसीपी कुमार प्रतीक को न्यायालय में किया तलब। MD ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़।

11 February 2026: रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा की याचिका HC ने खारिज की, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें
Indore Crime News Today

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लेकर दायर जनहित याचिका

मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लेकर दायर जनहित याचिका पर इंदौर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा द्वारा दाखिल याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया है। फिलहाल लाड़ली बहना योजना में पंजीयन को लेकर कोई नया निर्देश जारी नहीं हुआ है, जिसके चलते इस योजना में मध्यप्रदेश सरकार के वर्तमान नियम ही लागू रहेंगे।

दरअसल, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पंजीयन दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने इंदौर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि 20 अगस्त 2023 के बाद 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली कई महिलाएं पंजीयन बंद होने के कारण योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं। याचिकाकर्ता ने न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने की मांग भी रखी थी। साथ ही योजना की पात्रता और सहायता राशि को लेकर भी सुझाव दिए गए थे।

सुनवाई के दौरान शासन की ओर से अदालत को बताया गया कि योजना के तहत पंजीयन शुरू या बंद करना पूरी तरह सरकार का नीतिगत निर्णय है, जिसमें न्यायालय हस्तक्षेप नहीं कर सकता। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद इंदौर हाईकोर्ट ने सरकार की बात से सहमति जताते हुए जनहित याचिका को निरस्त कर दिया।

एमडी ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़

इंदौर नारकोटिक्स विंग ने अशोकनगर जिले के चंदेरी तहसील के ग्राम कड़राना में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से भारी मात्रा में तैयार सवा किलो एम डी ड्रग्स और ढाई किलो लिक्विड एमडी ड्रग्स बरामद की है, इसके साथ ही 45 किलो एमडी ड्रग्स बनाने के केमिकल जप्त किए हैं, यह केमिकल आरोपी इंदौर से केमिकल खरीदकर चंदेरी में ड्रग्स तैयार कर रहा था।

दरअसल, इस मामले में मध्यप्रदेश नारकोटिक्स विंग के उप महानिरिक्षक महेश चंद्र जैन ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। महेश जैन के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय प्रियांशु जैन निवासी चंदेरी और 38 वर्षीय राघवेन्द्र सिंह पंवार निवासी कड़राना के रूप में हुई है। नारकोटिक्स टीम को अवैध मादक पदार्थों के निर्माण और सप्लाई की तैयारी की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर योजनाबद्ध तरीके से राघवेन्द्र सिंह के गांव कड़राना स्थित ठिकाने पर छापा मारा गया, जहां से एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री संचालित होने का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में मिली जानकारी में सामने आया कि राघवेंद्र परमार ने अपने घर में ही बना रखी थी। एमडी ड्रग्स बनाने की पूरी लैब ड्रग्स बनाने का पूरा सामन लब में मौजूद मिला है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक किलो 282 ग्राम तैयार ठोस एमडी ड्रग्स, 2 किलो 579 ग्राम तरल ठोस एमडी ड्रग्स और करीब 45 किलो एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल बरामद किया है। इसके अलावा मौके से एमडी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने एक होंडा कार, दो मोबाइल फोन, एक लाइसेंसी पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और मैगजीन भी बरामद की है। बरामद सामग्री से अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।

उप महानिरिक्षक के मुताबिक आरोपी प्रियांशु पहले गेहूं का सॉल्वेंट प्लांट चलाता था और उसके साथ ही मैदा बनाने का प्लांट भी था लेकिन व्यापार में घाटा होने के बाद वह बैंकक्रप्ट हो गया था। जिसके बाद उसने जल्दी पैसा बनाने के उद्देश्य से इंटरनेट पर एमडी ड्रग्स बनाना सीखा और इंदौर से केमिकल खरीदकर चंदेरी में ड्रग्स बनाना शुरू की थी। इस बीच नारकोटिक्स विंग ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपियों को माल के साथ बरामद किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों के बढ़ते नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपियों के संपर्क अन्य जिलों और राज्यों तक फैले हो सकते हैं। पुलिस अब मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। 

इंदौर हाईकोर्ट ने जोन-2 के डीसीपी को किया न्यायालय में तलब 

इंदौर हाईकोर्ट ने जोन-2 के डीसीपी कुमार प्रतीक को न्यायालय में तलब किया है। मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र में हुई कथित मारपीट की घटना से जुड़ा है। अदालत ने पुलिसकर्मियों की वर्दी पर अब तक बॉडी कैम इंस्टॉल नहीं किए जाने पर नाराज़गी जताई है। डीसीपी को 25 फरवरी को कोर्ट में पेश होकर जवाब देना होगा।

दरअसल, मामला 29 दिसंबर 2025 का है। जिसमें लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित श्रीनाथ रेस्टोरेंट पर फरियादी हर्ष जावलिया चाय-नाश्ते के लिए गए थे। जिनका आरोप है कि चाय पीने के बाद तय रकम चुकाने के बावजूद दुकानदार ने देर रात का हवाला देकर अतिरिक्त पैसे मांगे। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। वहीं बताया जा रहा है कि उसी दौरान रात्रि गश्त पर मौजूद लसुड़िया थाने के दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे। वहीं, हर्ष का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और करीब दो घंटे तक थाने में बैठाकर पैसे लेकर छोड़ा।

पीड़ित ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत डीसीपी जोन-2 से की, लेकिन कार्रवाई न होने पर हाईकोर्ट में याचिका दायर की। सुनवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लेकिन जिस स्थान पर कथित मारपीट हुई, वहां का कोई फुटेज पेश नहीं किया गया। इस पर हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए पूछा कि जब 19 सितंबर 2024 को प्रत्येक पुलिसकर्मी की वर्दी पर बॉडी कैम लगाने के निर्देश दिए गए थे, तो अब तक उनका पालन क्यों नहीं हुआ। इस मामले में अब कोर्ट ने डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक को 25 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने का निर्देश दिया है। वहीं, इस मामले में न्यायालय पुलिस कमिश्नर को भी तलब कर सकती है।

पोकलेन मशीन से मेट्रो कर्मचारी पर जानलेवा हमला

इंदौर के छोटा बांगड़दा क्षेत्र में मेट्रो प्रोजेक्ट के काम के दौरान एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां चल रहे निर्माण कार्य के बीच, एक पोकलेन मशीन के चालक ने सड़क पर मामूली कहासुनी के बाद मशीन को ही हथियार बना लिया और एक कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे मशीन चालक ने भारी-भरकम हाइड्रोलिक बकेट (पंजे) को तेजी से घुमाकर नीचे खड़े व्यक्ति को मारने का प्रयास किया। पीड़ित की पहचान आशुतोष के रूप में हुई है, जो मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, इस मामले में पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटर सेल के द्वारा लगातार दोनों लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक इस संबंध में एरोड्रम थाने में कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। लेकिन पुलिस क्षेत्र में पोकलेन द्वारा काम करने वाली प्रत्येक साइट पर इन लोगों की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है।

दोस्त से हुए विवाद में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत

इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र से देर रात बोतल पीठ में मारकर हत्या करने की बड़ी घटना सामने आई है। जिसमें दोस्त से हुए विवाद में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसमें मृतक की पहचान गोलू के रूप में हुई है, जो पीयू-4 बिल्डिंग में बाउंसर का काम करता था। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, यह घटना विजय नगर थाना क्षेत्र की है। जहां देर रात युवकों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि गोलू नामक युवक अपने एक दोस्त हरिओम के झगड़े की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने उस पर टूटी हुई कांच की बोतल से हमला कर दिया। हमले में गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां अस्पताल में इलाज के दौरान गोलू ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। विजय नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

मामूली बात पर हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया

इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में मामूली बात पर हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। प्रजापत नगर में मोबाइल फोन पर हुए विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के प्रजापत नगर का है। जहां दो दिन पहले मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि घूरकर देखने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी एक युवक पर चाकू से हमला करते नजर आ रहे हैं।

विवाद में दोनों ही पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पक्ष से तीन आरोपियों के खिलाफ तो दूसरे पक्ष से चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल, द्वारकापुरी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बदमाश ने मोबाइल दुकान में जमकर तोड़फोड़ की

इंदौर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में हाथ में तलवार लेकर एक बदमाश ने मोबाइल दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और संचालक को खुलेआम धमकी दी। पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।

मामला इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का है, जहां स्थित एक मोबाइल शॉप में बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के मुताबिक बदमाश हाथ में तलवार लेकर दुकान में घुसे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान दुकान संचालक जूजर काठियावाड़ को धमकी देते हुए कहा कि अगर कहीं शिकायत की या बाहर गया तो इससे भी ज्यादा नुकसान किया जाएगा।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाश तलवार लहराते हुए और दुकान में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में क्षेत्र के लिस्टेड बदमाश पिंटू बाबा और पंकज ठाकुर का नाम सामने आ रहा है। फिलहाल अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में पुलिस को मिली सफलता 

इंदौर की पलासिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात के महज 6 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।

मामला पलासिया थाना क्षेत्र का है, जहां फरियादी राजेश पिता शिवनारायण शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने मित्र धर्मेंद्र के साथ बड़वानी प्लाजा स्थित उसके फ्लैट पर गया हुआ था। इसी दौरान पास में रहने वाले आरोपी पंकज पुरी, पंकज पिता लक्ष्मण और शुभम कुमार बिना किसी कारण उनके घर का दरवाजा बजाकर विवाद करने लगे।

वहीं, तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और विवाद के दौरान राजेश पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पलासिया पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और महज 6 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

महिला को बातों में उलझाया और उसके नाम से लोन उठाया

इंदौर में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं साइबर पुलिस द्वारा आम इंसान को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है और सोशल मीडिया पर सतर्क भी किया जा रहा है, फिर भी ठग नए नए तरीक़े अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसी कड़ी में क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर महिला को बातों में उलझाया उसके नाम से लोन उठाया और लाखों की धोखा कर उसे चूना लगा दिया।

दरअसल, निजी कंपनी में कार्यरत एक महिला द्वारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई है की उसको घटना के तीन महीने पूर्व क्रेडिट कार्ड आया था। वह उसे इस्तेमाल नहीं करती थी। इसी बीच एक युवक द्वारा उसको फ़ोन लगाया गया कि आप अगर क्रेडिड कार्ड इस्तेमाल नहीं कर रही है तो उसे बंद कर दें महिला बातों में आ गई और उसके बाद उसने लिंक भेजी और ओटीपी मांगा, जिसमें फरियादी के द्वारा ओटीपी के संबंध में पूछा गया, तो उसने कहा कि आप उठी भी देंगी, तो आपका क्रेडिट कार्ड बंद हो जाएगा।

जिसके बाद एक दिन बीत गया और उसने ध्यान नहीं दिया इसी बीच ठग ने महिला के नाम से लोन उठाया और उसका पैसा महिला के अकाउंट में आया, उसके बाद महिला के अकाउंट से छह लाख 82 हज़ार रुपये निकाल लिए गए और दो अलग अलग बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। इस पूरे मामले में एडिशनल डीसीपी ने बताया कि महिला को क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर झांसे में लिया और उसके नाम से छह लाख रुपये से अधिक का लोन उठाया और वह लोन का माउंट महिला के अकाउंट में ही आया और वही से बदमाशों द्वारा कुछ और अकाउंट में पैसा ट्रांसफर कर दिया गया पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुक़दमा दर्ज कर लिया है। वही इस पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।