मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर रीवा में कांग्रेस का प्रदर्शन, BJP सांसद का घेरा घर

इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और मंत्री के बयान के विरोध में कांग्रेस ने रैली निकालकर सांसद आवास के सामने प्रदर्शन किया.

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर रीवा में कांग्रेस का प्रदर्शन, BJP सांसद का घेरा घर

इंदौर शहर में दूषित पानी पीने से 15 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग बीमार होकर अस्पतालों में भर्ती हैं। इस गंभीर घटना को लेकर प्रदेश के नगरीय प्रशासन और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस नेताओं ने मंत्री के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस का कहना है कि मंत्री के बयान से पूरे प्रदेश की छवि खराब हुई है। एक ओर लोग जहरीला पानी पीने से अपनी जान गंवा रहे हैं और दूसरी ओर जीवन और मौत से जूझ रहे लोगों के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना बेहद ही गलत है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण इकाई ने संयुक्त रूप से धरना दिया। इस दौरान पूर्व विधायक विद्यावती पटेल के गाइडेंस में और शहर अध्यक्ष अशोक पटेल झब्बू की लीडरशिप में जिला कांग्रेस कार्यालय से एक रैली निकाली गई। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में घंटा बजाते हुए रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के आवास तक पहुंचे। लेकिन सांसद वहां मौजूद नहीं थे, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराते हुए वहां से वापस लौट गए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जब वे सांसद से शांतिपूर्ण तरीके से मिलने जा रहे थे, तब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं गांधीवादी तरीके से धरने पर बैठ गए और विरोध जताया।

कांग्रेस का कहना है कि एक तरफ दूषित पानी से लोगों की मौत हो रही है और दूसरी तरफ सरकार के इशारे पर प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही महिलाओं के साथ बदसलूकी की जा रही है, जो बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।

प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद

इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से विद्यावती पटेल, बबिता साकेत, संगठन मंत्री रवि तिवारी, सज्जन पटेल, लखनलाल खंडेलवाल, अब्दुल शहीद मिस्त्री, सत्यनारायण तिवारी, जीपी त्रिपाठी, प्रदीप अवस्थी, गिरिजेश पांडेय, हर्षलाल शुक्ला, शत्रुघ्न सिंह, डॉ. स्वतंत्र सिंह, ओंकारनाथ पांडेय, रामलाल पांडेय, बलराम गौतम, महेंद्र उपाध्याय, विष्णु शुक्ला, जितेंद्र सिंह, रामकीर्ति शर्मा, अखिलेश द्विवेदी, धनेन्द्र सिंह बघेल, सहफूज खान, अकरम अंसारी, उमेश वर्मा, आनंद कुशवाहा, अनूप सिंह चंदेल, पंकज उपाध्याय, डॉ. विमल दुबे, तारा त्रिपाठी, अर्चना द्विवेदी, ममता सिंह परिहार, प्रभा सोहगौरा, ममता तिवारी, प्राची शुक्ला, नीलम पांडेय, संगीता शर्मा, लक्ष्मी सिंह परिहार, शशिकला द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।