मऊगंज के नईगढ़ी में कांग्रेस का कैंडल मार्च, NEET मामले में सरकार पर साधा निशाना

नईगढ़ी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर NEET पेपर लीक मामले और छात्र हितों के समर्थन में कैंडल मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाया।

मऊगंज के नईगढ़ी में कांग्रेस का कैंडल मार्च, NEET मामले में सरकार पर साधा निशाना
पब्लिक वाणी

राजेंद्र पयासी, मऊगंज

प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर शनिवार शाम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नईगढ़ी के अध्यक्ष एडवोकेट अखिलेश पटेल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च ब्लॉक चौराहे से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग होते हुए सब्जी मंडी पर समाप्त हुआ।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस कैंडल मार्च में कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक प्रकरण में दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनरत छात्रों पर हुए तथाकथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अखिलेश पटेल ने कहा कि छात्र शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उनकी आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया। कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

आयोजित कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष रामसजीवन सोनी, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह 'शिब्बू', शुभम सोनी, रोशन खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।