आसमान में सजी सनातन संस्कृति की दिव्य झलक: ड्रोन शो ने मोहा सबका मन, दिखीं हनुमान जी और भारत माता की आकृतियां

सनातन संवाद कार्यक्रम के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मैहर में बागेश्वर बालाजी शक्ति मठ बनाने की घोषणा की और कहा कि अब वह हर 3-4 महीने में मैहर आते रहेंगे।

आसमान में सजी सनातन संस्कृति की दिव्य झलक: ड्रोन शो ने मोहा सबका मन, दिखीं हनुमान जी और भारत माता की आकृतियां

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर स्थित केजेएस सीमेंट ग्राउंड में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा संपन्न होने के बाद आसमान में आकर्षक ड्रोन शो का आयोजन किया गया। आधुनिक तकनीक से सजे इस शो में सैकड़ों ड्रोन की रोशनी के माध्यम से सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ी आकृतियां प्रदर्शित की गईं। आसमान में भगवान हनुमान की भव्य छवि और तिरंगे के रंगों से सजी भारत माता की आकृति देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।

रात के अंधेरे में रोशनी से उभरती आकृतियों को देखने के लिए लोग आसमान की ओर नजरें टिकाए रहे। कई श्रद्धालु इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखाई दिए। धार्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक के संगम ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। केजेएस सीमेंट कॉलोनी परिसर में आयोजित इस ड्रोन शो ने कथा में शामिल श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया।

मैहर में बनेगा बागेश्वर बालाजी शक्ति मठ

सनातन संवाद कार्यक्रम के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मैहर में ‘बागेश्वर बालाजी शक्ति मठ’ की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब वह मैहर आते रहेंगे और यहां हर तीन-चार महीने में जय-जयकार होगी। उन्होंने मैहर की धार्मिक मान्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता है कि यहां माता सती का हार गिरा था, इसी कारण इस स्थान का नाम मैहर पड़ा।

धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि केजेएस के डायरेक्टर पवन अहलूवालिया और नलिन के साथ चर्चा के दौरान मैहर में मठ बनाने का विचार सामने आया। उन्होंने कहा कि मैहर के साथ रीवा, सतना, कटनी, शहडोल और सीधी जैसे क्षेत्रों के लोगों के लिए भी यह स्थान धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बन सकता है। इसी सोच के साथ केजेएस आवासीय परिसर में बागेश्वर बालाजी शक्ति मठ मैहर बनाने की योजना की घोषणा की गई।

उन्होंने शक्ति की नगरी मैहर में भक्ति के विस्तार की बात कही। इस घोषणा के बाद श्रद्धालुओं में उत्सुकता देखने को मिली। हालांकि, मठ के निर्माण की समयसीमा और अन्य विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

राजनीति में जाने पर धीरेंद्र शास्त्री ने दिया जवाब

करीब साढ़े तीन घंटे चले सनातन संवाद कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से राजनीति में जाने को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि साधु राजनीति में नहीं जाते। उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है और साधु अपनी जगह। उनका काम अपनी परंपरा और सनातन के लिए कार्य करना है।

मां शारदा के दर्शन के बाद कुल्हड़ में पी चाय

कार्यक्रम के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मां शारदा के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर के नीचे स्थित गुफा में उन्होंने नारियल के खोल से बने कुल्हड़ में चाय का आनंद लिया। इस दौरान प्रधान पुजारी पवन महाराज और सांसद गणेश सिंह भी मौजूद रहे।

मैहर में कथा, सनातन संवाद, ड्रोन शो और शक्ति मठ की घोषणा ने धार्मिक माहौल को खास बना दिया। एक ओर आसमान में सनातन संस्कृति की झलक दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर प्रस्तावित मठ को लेकर श्रद्धालुओं के बीच चर्चा शुरू हो गई।