भोपाल में भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत; ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की टक्कर, एक गंभीर रूप से घायल
भोपाल के नेपानिया जाट क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार भूसे से भरे ट्रैक्टर से जा टकराई, हादसे में कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
भोपाल। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के नेपानिया जाट/काछी बरखेड़ा इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, चारों युवक देर रात गांव से चाय पीने के लिए निपानिया की ओर निकले थे। कार हर्ष मेहर (23) चला रहा था, जो बी.कॉम फाइनल ईयर का छात्र था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसके साथ कार में उसके दोस्त सतीश मेहर (26), लकी अहिरवार (26) और योगेश सेन उर्फ गब्बर (27) सवार थे।

रात करीब 11:30 बजे जब उनकी कार सड़क से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिससे सामने से आ रहे वाहन को ठीक से नहीं देखा जा सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार को काटकर शवों और घायल युवक को बाहर निकाला गया। हादसे में हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि योगेश सेन गंभीर रूप से घायल है और उसे भानपुर स्थित पीपुल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और कम रोशनी को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
Varsha Shrivastava 
