Agar News:कलेक्टर के फैसले के बाद थमा विवाद, पंडितों के विरोध के बाद SDM से छीना प्रभार
आगर मालवा में मां बगलामुखी मंदिर के पंडितों के विरोध और सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो के बाद विवादित एसडीएम को हटाकर डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई माँ बगलामुखी मंदिर का प्रभार दिया गया।
आगर मालवा: जिले के प्रसिद्ध नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर से जुड़ा विवाद अब बड़ा प्रशासनिक मामला बन गया है। मंदिर के पंडितों ने सुसनेर एसडीएम सर्वेश यादव के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करते हुए हवन-अनुष्ठान बंद कर मंदिर परिसर में धरना दिया था.और जमकर नारेबाजी की थी. पंडितों ने आरोप लगाये थे कि एसडीएम ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मनमानी रवैया अपनाया जा रहा है. जिससे वर्षों से पूजा-पाठ कराने वाले करीब 200 पंडितों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है. मंदिर परिसर में दिन भर एसडीएम के खिलाफ प्रदर्शन ओर नारेबाजी भी हुई थी.

SDM का ऑडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल
इस दौरान एसडीएम के कथित अपशब्दों का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसके बाद पंडितों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हालात बिगड़ते देख प्रशासन हरकत में आया। अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा और एडिशनल एसपी रविन्द्र बोयट मौके पर पहुंचे और पंडितों से बातचीत की।
कार्रवाई के बाद माने पंडित, शुरू हुआ हवन-पूजन
मामले के तूल पकड़ने के बाद कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देश पर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया। एसडीएम सर्वेश यादव से माँ बगलामुखी मंदिर समिति का प्रभार हटा लिया गया है और अब यह जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई को सौंपी गई है। आदेश के बाद आक्रोशित पंडित हवन पूजन का कार्य प्रारंभ करने पर सहमत हुए और मंदिर में हवन शुरू हुआ।
SDM से छीना मंदिर का प्रभार
आगर एडीएम आरपी वर्मा ने मिडिया को कहा की पंडितों के धरना प्रदर्शन की जानकारी लगने पर यहां आए जहां सभी पक्षो से चर्चा करने के बाद यह निष्कर्ष निकला कि एसडीएम द्वारा कुछ आपत्तिजनक कहा गया है, जिससे पंडितों में आक्रोश है। कलेक्टर के आदेशानुसार एसडीएम सर्वेश यादव को मां बगलामुखी मंदिर से सम्बंधित सभी कार्यभार से मुक्त करते हुए डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई को कार्यभार सौंपा गया है।
sanjay patidar 
