राजस्थान- तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, 6 मौतें: इनमें से 5 एक ही परिवार के
राजस्थान- तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, 6 मौतें इनमें से 5 एक ही परिवार के, जा रहे थे कुलदेवी बच्ची गंभीर घायल
राजस्थान के चूरू में तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। शनिवार सुबह 8.30 बजे हुए हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों और ड्राइवर की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी, मां-बेटे शामिल है। सादुलपुर (चूरू) के ददरेवा में हुए एक्सीडेंट में 9 महीने की बच्ची गंभीर घायल है। ये लोग कुलदेवी गुड़गांवा वाली माता (गुरुग्राम) में दो बच्चों का मुंडन करवाने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार हादसे में सोमसीसर गांव तारानगर (चूरू) निवासी भंवर लाल शर्मा (60), उनकी पत्नी पत्नी महेंद्र देवी (55), बहू कविता (28) पत्नी संदीप, यशोदा (34) पत्नी संजय, कविता का बेटा कन्हैया (4 माह) और ड्राइवर मांगीलाल नाई (31) की मौत हो गई। यशोदा की 9 महीने की बेटी दिव्यांशी गंभीर घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्सीडेंट के समय तेज धमाका सुनाई दिया था। ज्यादातर लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी।
बच्चों का मुंडन करवाने जा रहे थे गुरुग्राम
हादसे की सूचना पर भंवर लाल शर्मा के छोटे भाई मांगीलाल सादुलपुर पहुंचे। मांगी लाल ने बताया - मैं 23 अक्टूबर की दोपहर खेत पर जा रहा था, उस समय बड़े भाई भंवर लाल रास्ते में मिले थे। उन्होंने बताया कि वे परिवार सहित हरियाणा के गुरुग्राम में कुलदेवी गुड़गांवा वाली माता जाएंगे। वहां दोनों बच्चों कन्हैया और दिव्यांशी का मुंडन करवाना है। वे सुबह गुरुग्राम के लिए निकल गए थे, इसलिए मिलना नहीं हो पाया।

