पश्चिम बंगाल की फालता सीट पर काउंटिंग, सभी 285 बूथों पर 21 मई को हुआ था दोबारा मतदान
पश्चिम बंगाल की फालता सीट पर रविवार को काउंटिंग जारी है। 21 मई को इस सीट की सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान हुआ था, जिसमें 88% मतदाताओं ने वोट डाला था।
पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर शनिवार को मतगणना जारी है। इस सीट पर 21 मई को सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया था। चुनाव आयोग के अनुसार रीपोलिंग में 88.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 29 अप्रैल को हुए पहले मतदान के 86.71 प्रतिशत से करीब 2 प्रतिशत अधिक है। फालता सीट पर मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा के बीच माना जा रहा है।
हालांकि, चुनाव से पहले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके बावजूद उन्होंने आधिकारिक तौर पर नाम वापस नहीं लिया था। इसी कारण रीपोलिंग के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में उनका नाम और पार्टी का चुनाव चिह्न मौजूद रहा। टीएमसी ने भी साफ किया था कि चुनाव से हटने का फैसला जहांगीर खान का निजी निर्णय है।
फालता सीट पर दोबारा मतदान कराने का फैसला 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद सामने आए विवादों के कारण लिया गया। कई बूथों से शिकायत मिली थी कि EVM पर भाजपा के चुनाव चिह्न पर टेप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन ऑब्जर्वर सुब्रत गुप्ता ने क्षेत्र का दौरा कर जांच की थी। जांच के दौरान करीब 60 बूथों में कथित छेड़छाड़ के संकेत मिले थे।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ मतदान केंद्रों पर लगे वेब कैमरों की फुटेज के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने पूरे निर्वाचन क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया। अब मतगणना के नतीजों पर सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं की नजर टिकी हुई है।
Varsha Shrivastava 
