हरुखेड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट

हरुखेड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना अपने वास्तविक स्वरूप से दूर  हटकर चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट लोगों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ तो मिला लेकिन आवास आज तक अपना वास्तविक स्वरूप नहीं ले पाया।

हरुखेड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट

मनीष कुमार अरनिया कला: रोटी कपड़ा और मकान गरीबों के लिए मूलभूत जरूरते हैं लेकिन संपन्न लोगो के लिए यह सब दिखावे की चीज है। गरीब जहां अपनी जरूरतों के लिए सरकार के रहमो करम पर आश्रित होकर इन्हें पूरा करने में दिन रात जुटा रहता है। वहीं दौलतमंद इसे जबरदस्ती छीन कर अपना हक समझता है और इसी कारण गरीबों को पालने वाली इन योजनाओं में आज के समय में सबसे ज्यादा पलीता लगता हुआ नजर आ रहा है।  प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक मामला निकलकर कालापीपल जनपद की हरुखेड़ी ग्राम पंचायत से सामने आया है जहां लोगों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ तो मिला लेकिन आवास आज तक अपना वास्तविक स्वरूप नहीं ले पाया है। और तो और करिश्माई बात यह है कि यहां प्रशासनिक लोगों के द्वारा शौचालय का जिओ टैग करके आवास निर्माण की किस्ते भी जारी करवाई गई हैं।  और उसी के बाजू में पहले से बना बनाया एक बड़ा सा पक्का मकान तस्वीर में नहीं दिखाया गया है यही नहीं ग्राम में और भी कई ऐसे आवास है जो आज तक अपना वास्तविक आकार नहीं ले पाए और उनकी राशि कब की निकल चुकी है। अब यह तो गरीबों की फूटी किस्मत का ही दोष है की आवास का लाभ उन्हें न मिलकर ऐसे लोगों को मिल रहा है जिनके पास आवास बनाने का भी समय नहीं है।

रूपेंद्र सिंह राजपूत ने उठाई भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज 

हरुखेड़ी में फैले प्रधानमंत्री आवास योजना के भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्राम के ही युवा किसान रूपेंद्र सिंह राजपूत के द्वारा पूरे जोर-शोर के साथ आवाज उठाई गई है। उनके द्वारा मीडिया से चर्चा कर मामले से अवगत करवाया गया और स्वयं के द्वारा भी मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर ग्राम में निवासरत गरीबों को अपना हक दिलाने के पुरजोर कोशिश की गई है।  उन्होंने कहा कि ये मेरा सौभाग्य रहेगा की जरूरतमंदों को उनका हक मिल सके, उनके द्वारा प्रशासनिक कार्यालयों में इसकी सूचना भी दी गई है ताकि समय रहते प्रधानमंत्री आवास योजना के भ्रष्टाचार पर लगाम कसी जा सके। मीडिया के द्वारा भी साक्ष्यों के आधार पर खबर प्रकाशन की कोशिश की जा रही है कि फैल रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगकर अपात्रों के स्थान पर पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके ।

सहायक सचिव ने कहा आप मेरे अधिकारी हो क्या क्यों दिखाऊं आपको पीएम आवास
हरुखेड़ी के सहायक सचिव से मीडिया द्वारा संपर्क करने और सवाल का जवाब प्राप्त करने पर उनके द्वारा कड़क व स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि मैं आपको प्रधानमंत्री आवास क्यों दिखाऊ आप कोई मेरे अधिकारी हो क्या। इन्हीं सब बातों से स्पष्ट जाहिर होता है की जो मकान अपने वास्तविक स्वरूप को प्राप्त ही नहीं हुआ उसे श्रीमान दिखाएंगे कैसे और तो और अब उनके द्वारा अपने कृत्य को छुपाने की पुरजोर तैयारी भी शुरू कर दी गई है। वहीं कालापीपल जनपद सीईओ राणाजी से संपर्क करने पर उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया।