मऊगंज: नईगढ़ी में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, नन्हे बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की

मऊगंज जिले के नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया. जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की. स्वास्थ्य विभाग ने बूथों के साथ मोबाइल टीमें भी तैनात की हैं, ताकि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे.

मऊगंज: नईगढ़ी में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, नन्हे बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की

राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आर.के. पाठक के नेतृत्व में नगर परिषद अध्यक्ष नागिता गुप्ता और भाजपा मंडल अध्यक्ष विभा शर्मा ने नन्हे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की।

'एक भी बच्चा छूटा, तो सुरक्षा चक्र टूटा'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष नागिता गुप्ता ने कहा कि "एक भी बच्चा छूटा, तो सुरक्षा चक्र टूटा।" उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष विभा शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा जरूर पिलवाएं।

घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आर.के. पाठक ने बताया कि नईगढ़ी क्षेत्र में अभियान के लिए विभिन्न स्थानों पर पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ ही ऐसे बच्चों तक पहुंचने के लिए मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं, जो बूथ तक नहीं आ पाएंगे।

उन्होंने बताया कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिछले एक सप्ताह से घर-घर सर्वे कर पांच वर्ष तक के बच्चों की पहचान कर रही हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी

अभियान के शुभारंभ अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष बृजेंद्र गुप्ता, समाजसेवी रामदयाल शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि नईगढ़ी ब्लॉक के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जाए।