ट्विशा और दीपिका के बाद ग्वालियर में एक और बेटी की मौत, “भैया मुझे बचा लो” कहने के कुछ देर बाद मिला बहन का शव
ग्वालियर की 21 वर्षीय पलक रजक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मौत से पहले उसने भाई को फोन कर मदद मांगी थी। परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भोपाल की ट्विशा शर्मा और ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर केस के बाद अब ग्वालियर से भी एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सुरैयापुरा इलाके में रहने वाली 21 साल पलक रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मौत से करीब आधे घंटे पहले पलक ने अपने भाई को फोन कर मदद मांगी थी।
पलक ने रोते हुए कहा था, “मुझे यहां से ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे मार देंगे।” इसके कुछ देर बाद ही उसका शव मिला। अब इस मामले में पलक की आखिरी फोन कॉल, सोशल मीडिया पोस्ट और शरीर पर मिले चोट के निशान कई बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
इंस्टाग्राम पर 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स
पलक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी और उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उसकी मौत के बाद जब पुलिस और परिवार ने उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल को खंगाला, तो कई पोस्ट और रील्स ऐसी मिलीं जिनसे उसके मानसिक तनाव का अंदाजा लगाया जा रहा है।

वीडियो और पोस्ट में वह खुद को परेशान महसूस कराती दिखाई दी। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि मौत से पहले पलक ने लगातार तीन दिनों तक ठीक से खाना नहीं खाया था। इस जानकारी के बाद मामला और भी गंभीर माना जा रहा है।
शादी के 1 साल बाद फंदे पर लटकी मिली पलक
ग्वालियर की रहने वाली पलक रजक की शादी अप्रैल 2025 में हुई थी। 12 मई 2026 को पलक ने ससुराल में फांसी लगाकर अत्महत्या कर ली। सबसे पहले उसे मुरार अस्पताल ले जाया गया, फिर परिवार की मांग पर बिड़ला अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों ने पलक को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शादी के बाद से ही प्रताड़ित कर रहे थे सुसराल वाले
पुलिस जांच में ससुराल पक्ष पर दहेज में गाड़ी मांगने, गहने अपने पास रखने और लगातार ताने देकर पलक को परेशान करने के आरोप सामने आए हैं। अतुल कुमार सोनी ने बताया कि शादी के कुछ महीनों बाद ही पलक के सुसराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया थी।

वहीं, पलक के पिता का कहना है कि बेटी ने कई बार ससुराल वालों की मांगों और मारपीट की जानकारी दी थी। परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि बयान और सबूतों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें - फॉर्च्यूनर, 1 करोड़ दहेज और 14 महीने की प्रताड़ना… दीपिका...
ये खबर भी पढ़ें - भोपाल: ट्विशा शर्मा आत्महत्या केस में सास को मिली अग्रिम...
Varsha Shrivastava 
