मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 63 लीटर अवैध देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
मऊगंज के हनुमना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 63 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की। एक आरोपी को गिरफ्तार कर शराब ले जा रहे वाहन को भी जब्त किया गया।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मध्यप्रदेश शासन के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान और रीवा जोन पुलिस के "ऑपरेशन प्रहार 2.0" के तहत मऊगंज पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हनुमना थाना पुलिस ने 63 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी साक्षी पाठक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध नशे और शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
हनुमना थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम देवरा का एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बिक्री के लिए लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
63 लीटर शराब और वाहन जब्त
पुलिस ने ग्राम देवरा निवासी राजबहोर पटेल को मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सात पेटियों में रखी कुल 63 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई। शराब की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी से यह भी पूछताछ की जा रही है कि अवैध शराब के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश पटेल, उप निरीक्षक रामदीन सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामकृपाल सिंह, प्रधान आरक्षक मनीष पाण्डेय और आरक्षक सूरज तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Anubhav Dubey 
