शुद्धता अभियान तेज: मऊगंज में दीपावली से पहले खाद्य विभाग का छापा, मिठाई-दूध समेत 22 सैंपल लिए
दीपावली पर मिलावटखोरों की खैर नहीं! कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों में हड़कंप; मऊगंज में खोवा, पनीर, तेल और मसालों के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को गुणवत्तायुक्त और मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई और संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कुल 22 नमूने लिए गए।
मिठाई, किराना और दूध विक्रेताओं की जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित जांच दल ने खटखरी स्थित शिवम मिष्ठान भंडार से खोवा बर्फी, जलेबी और गुलाब जामुन के नमूने लिए। वहीं, धीरेंद्र किराना स्टोर से नमकीन, गुड़ और जीरा सहित प्रतापगंज बाजार स्थित शिवम किराना स्टोर से नूडल्स, गुड़ और मयूर धनिया पाउडर के नमूने एकत्र किए गए।
इसी क्रम में हनुमना बाईपास स्थित डीपी ढाबा से पनीर, नमकीन और अरहर दाल के नमूने लिए गए। दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए फेरी विक्रेता छोटे लाल यादव और राजेश कुमार यादव से मिक्स मिल्क, गाय के दूध और भैंस के दूध के नमूने भी संग्रहित किए गए।
सुपर मार्केट और तेल-मसालों के भी लिए सैंपल
मऊगंज स्थित दादा भाई सुपर मार्केट से मैगी नूडल्स और मूंग दाल के नमूने लिए गए। इसके अलावा देवारूल स्थित एक प्रतिष्ठान से कोकोनट ऑयल, मस्टर्ड ऑयल, ग्राउंडनट ऑयल और गरम मसाला सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। अभियान के तहत कुल 22 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में जो भी नमूने अमानक या असुरक्षित पाए जाएंगे, उनके संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खोवा, पनीर, मिठाई और किराना सामग्री के विक्रेताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ बेचने की समझाइश भी दी गई। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान मिलावट पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Varsha Shrivastava 
