मैहर के रामनगर में नशे पर पुलिस का प्रहार, 45 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार
मैहर जिले के रामनगर में पुलिस ने "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 45 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद की. एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका भाई फरार है.
मैहर, मध्य प्रदेश। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वार्ड क्रमांक-7 निवासी संजय उर्फ राजा सोनी (20) को 45 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत ₹9,045 बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
भाई मौके से फरार, तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान आरोपी का भाई पवन उर्फ ललुआ सोनी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग कंट्रोल एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार और "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Anubhav Dubey 
