बिहार के मुजफ्फरपुर में हॉस्पिटल में आग,4 की मौत 20 से ज्यादा झुलसे

बिहार के मुजफ्फरपुर में हॉस्पिटल में आग, 4 की मौत 20 से ज्यादा झुलसे ICU के खिड़की-दरवाजे तोड़कर मरीजों को बाहर निकाला

बिहार के मुजफ्फरपुर में हॉस्पिटल में आग,4 की मौत 20 से ज्यादा झुलसे

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी अस्पताल के ICU में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 20 से ज्यादा लोग झुलस गए। हादसा 3 जून की रात करीब 3 बजे हुआ। आग शॉर्ट सर्किट से लगी। इसके बाद ICU में लगे एसी में ब्लास्ट हुआ। इसकी वजह से आग तेजी से फैली।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड अस्पताल पहुंची और आग पर काबू पाया। लोगों ने मौके से स्टाफ के गायब होने का आरोप लगाया। परिजन अपने मरीजों को स्ट्रैचर से बाहर ले जाते दिखे। ICU वार्ड 5वें फ्लोर पर है, जिसकी वजह से बचाव कार्य में दिक्कत आई।

दमकलकर्मियों ने ICU और अस्पताल के दूसरे वार्डों में फंसे मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला। मृतकों की पहचान उदय कुमार(57), शशांक कुमार(30) और गीता देवी के रूप में हुई है। सीएम सम्राट ने हादसे पर दुख जताया है।

93 साल की मरीज ने आग लगने की जानकारी दी

चश्मदीदों का आरोप है कि, मौत का आंकड़ा छिपाने के लिए पुलिस घटनास्थल से जल्दबाजी में शवों को लेकर चली गई। लोगों का कहना है कि अगर आग लगने के बाद समय पर पानी की व्यवस्था की गई होती तो मृतकों की संख्या कम हो सकती थी। ICU में एडमिट 93 साल की राधा देवी ने बताया, ‘मैं ICU में एडमिट थी। अचानक वार्ड में धुआं उठने लगा। मैंने तुरंत अपना ऑक्सीजन मास्क हटाया और वार्ड से बाहर आ गई। बाहर आकर गार्ड को जानकारी दी कि अंदर आग लगी है।’

'बेड पर लोग छटपटा रहे थे, स्टाफ भाग गया'

स्थानीय निवासी धीरज गिरी ने बताया, 'मैं अस्पताल की छत पर सो रहा था। अचानक चिल्लाने की आवाज आई। नीचे आकर देखा तो लोग जान बचाने के लिए छटपटा रहे थे। कुछ लोग अस्पताल के स्टाफ को डांट रहे थे। वार्ड में धुआं इतना ज्यादा था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।'

परिजन का ये भी आरोप है कि आग लगने के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मरीजों को तड़पता छोड़कर भाग गए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने भी दावा किया कि जब हमारी टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब अस्पताल का अधिकांश स्टाफ वहां मौजूद नहीं था।

DM बोले- ICU में 15 मरीज थे

मुजफ्फरपुर के DM सुब्रत कुमार ने कहा, 'अस्पताल की लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। कुछ परिजन आरोप लगा रहे हैं कि उनके मरीज वार्ड से गायब हैं। हर पहलू की जांच की जा रही है।'